VIP कॉलोनी मकान निर्माण विवादः जड़ में है एक सड़क…विनय ने बताया…समझौते के लिए दबाव बनाने की हो रही साजिश
विनय बताया..रंग रोगन के लिए अनुमति की जरूरत नहीं

Join WhatsApp Group यहाँ क्लिक करे
बिलासपुर… शिव टॉकीज चौक स्थित वीआईपी कॉलोनी में मकान निर्माण को लेकर विवाद के संबंध में दूसरा पक्ष भी सामने आया है। मकान का निर्माण कर रहे विनय सलूजा का कहना है कि विवाद की जड़ एक रोड है। वीआईपी कॉलोनी में बनाए गए पहुंच मार्ग पर कॉलोनी के दो लोगों ने अतिक्रमण कर लिया था। मामला हाई कोर्ट में विचाराधीन है। मामले में समझौता के लिए दबाव बनाने के मकसद से उनके मकान को विवादित बनाने का षड्यंत्र किया जा रहा है।
विनय सलूजा ने बताया कि मुरलीधर गिडवानी , प्रताप राय गिडवानी और विमला देवी मित्तल ने मेरे बनाए गए पहुंच मार्ग पर अतिक्रमण करते हुए बाउंड्री वाल को तोड़कर पीछे स्थित बिना पहुंच मार्ग के प्लाट को खरीदा था। जिस पर चल रहे न्यायालय विवाद में जिला न्यायाधीश द्वारा उनके घर के पहुंच मार्ग को दीवाल बनाकर बंद किए जाने का आदेश दिया था। मामले में हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई। जिस पर हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई खत्म होने तक यथास्थिति के आदेश दिए हैं। मामला अभी भी हाई कोर्ट में विचाराधीन है।
विनय सलूजा ने कहा कि घर का रास्ता बंद होते देख समझौता के लिए दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है । जिसकी वजह से उनके निर्माण कार्य को विवादित बनाने का षड्यंत्र किया जा रहा है। निर्माण की अनुमति के मामले में उन्होंने बताया कि हाई कोर्ट के पुराने ऑर्डर में चौथा फ्लोर के ऊपर बनने से मना किया गया था । साथ ही कहा गया कि आगे कभी भी निर्माण के लिए निगम से अनुमति लेना होगा। प्लास्टर, रंग रोगन या फिनिशिंग के लिए अलग से अनुमति की जरूरत नहीं होती। इसके बाद हाई कोर्ट की ओर से एक और आदेश जारी हो चुका है। जिसमें नगर निगम को किसी भी तरह के नोटिस या विघ्न डालने से मना किया गया है। उन्होंने बताया कि जिन लोगों ने रास्ता बंद किया है उनके निर्माण के नियमितीकरण पर आपत्ति भी कलेक्टर को लगाई गई है।
विनय सलूजा का कहना है कि क्योंकि मेरे मकान का निर्माण फिनिशिंग लेवल पर है और शिफ्ट होने के बाद फ़िर कोई षड्यंत्र नहीं कर पाएंगे। इसलिए एड़ी चोटी एक कर किसी तरह घर को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।


