Rajasthan Nikay Chunav Result 2026-राजस्थान निकाय चुनाव के हैरान करने वाले नतीजे: कहीं आरएलपी उम्मीदवार को मिला शून्य वोट, तो कहीं bjp प्रत्याशी को आए सिर्फ 1 वोट
भाजपा प्रत्याशी कैलाशचंद के लिए यह नतीजा बेहद चौंकाने वाला और असहज करने वाला रहा. इस स्थिति के पीछे की वजह यह थी कि उनका परिवार जिस वार्ड में रहता है, वहां उनके परिवार के कुल 12 वोट थे, लेकिन पार्टी ने उन्हें किसी दूसरे वार्ड यानी वार्ड नंबर 13 से चुनावी मैदान में उतार दिया था. बाहरी वार्ड होने के कारण उनके परिवार के सदस्य और करीबी भी उनके पक्ष में मतदान नहीं कर सके, जिसके चलते उन्हें सिर्फ एक ही वोट मिल पाया.

Rajasthan Nikay Chunav Result 2026।राजस्थान के नगरीय निकाय चुनाव में कई बार ऐसे दिलचस्प और हैरान करने वाला नजारा देखने को मिलता है, जो राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन जाता है.
ऐसा ही एक अनोखा मामला बालोतरा और डीडवाना-कुचामन जिलों से सामने आया है, जहां चुनाव परिणामों ने प्रत्याशियों के साथ-साथ राजनीतिक दलों को भी चौंका दिया है.
एक तरफ जहां एक वार्ड में उम्मीदवार को एक भी वोट नसीब नहीं हुआ और नोटा आगे निकल गया, वहीं दूसरी तरफ एक प्रमुख पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी को महज एक ही वोट हासिल हुआ.
पहला अजीबोगरीब मामला बालोतरा जिले की सिणधरी नगरपालिका के वार्ड संख्या 3 का है. इस वार्ड से राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के टिकट पर चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार ओम प्रकाश को मतगणना के बाद एक भी वोट नहीं मिला.
हैरानी की बात यह रही कि ओम प्रकाश खुद इस वार्ड के मतदाता नहीं थे, इसलिए वे अपना खुद का वोट भी नहीं डाल सके. इस मुकाबले में नोटा का बटन दबाने वाला एक मतदाता जरूर मिल गया, जिसका मतलब है कि यहां नोटा आरएलपी उम्मीदवार से आगे निकल गया.
इस सीट पर मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच रहा, जहां कांग्रेस के भंवरा राम ने 133 वोट हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि बीजेपी के खेमाराम को 93 वोट मिले. इस वार्ड में कुल 226 मत डाले गए थे.
दूसरा हैरान करने वाला मामला डीडवाना-कुचामन जिले की परबतसर नगरपालिका के वार्ड नंबर 13 से सामने आया है. यहां भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी कैलाशचंद को महज एक वोट से ही संतोष करना पड़ा.
इस वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी हिना खानम ने 376 वोट पाकर शानदार जीत हासिल की, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार रसीद खां ने 195 वोट पाकर दूसरा स्थान प्राप्त किया. खास बात यह रही कि एक निर्दलीय प्रत्याशी भी भाजपा के आधिकारिक उम्मीदवार से 195 वोट आगे रहा.
दया पता करो यह एक वोट #BJP को किसने दिया । @BJP4India ??? pic.twitter.com/bhu2cAdJCf
— Murari Sharma (@Murarisharmainc) September 14, 2026
इस वार्ड में कुल 573 वोट पड़े, जिसमें बीजेपी प्रत्याशी कैलाशचंद और नोटा, दोनों के हिस्से में केवल एक-एक वोट ही आया.
भाजपा प्रत्याशी कैलाशचंद के लिए यह नतीजा बेहद चौंकाने वाला और असहज करने वाला रहा. इस स्थिति के पीछे की वजह यह थी कि उनका परिवार जिस वार्ड में रहता है, वहां उनके परिवार के कुल 12 वोट थे, लेकिन पार्टी ने उन्हें किसी दूसरे वार्ड यानी वार्ड नंबर 13 से चुनावी मैदान में उतार दिया था. बाहरी वार्ड होने के कारण उनके परिवार के सदस्य और करीबी भी उनके पक्ष में मतदान नहीं कर सके, जिसके चलते उन्हें सिर्फ एक ही वोट मिल पाया.









