Rajasthan Nikay Chunav Result 2026: राजस्थान निकाय चुनाव के नतीजों के बीच गरमाई सियासत: पूर्व सीएम अशोक गहलोत का बड़ा आरोप

Rajasthan Nikay Chunav Result 2026।राजस्थान में नगरीय निकाय चुनावों के परिणाम सामने आने के साथ ही सियासी पारा तेजी से चढ़ गया है. राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी पर सत्ता और पुलिस प्रशासन के खुले दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया है.
गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर दावा किया कि निकाय चुनावों में जनता के नकार दिए जाने के बाद अब सत्ताधारी भाजपा मेयर बनाने के लिए पुलिस तंत्र का गलत इस्तेमाल कर रही है.
Rajasthan Nikay Chunav Result 2026।पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में लिखा कि मनमाने तरीके से किए गए परिसीमन, पूरी सरकारी मशीनरी के इस्तेमाल और मुख्यमंत्री के रोड शो सहित तमाम कवायदों के बावजूद भाजपा को नगरीय निकाय चुनावों में पराजय का सामना करना पड़ा है.
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के 10 नगर निगमों में से पाली, बीकानेर, अजमेर और भरतपुर में भाजपा चुनाव हार चुकी है. अब इस हार से बौखलाकर भाजपा जोधपुर और अलवर में निर्दलीय तथा कांग्रेस पार्षदों को पुलिस के जरिए डराने-धमकाने और अपने पक्ष में करने की कोशिश में जुट गई है.
गहलोत ने राज्य के पुलिस और जिला प्रशासन से अपील करते हुए निष्पक्ष और संवैधानिक मर्यादा में रहकर भूमिका निभाने की मांग की है.
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि कांग्रेस इस पूरे मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है. यदि कोई भी प्रशासनिक या पुलिस अधिकारी इस प्रकार के अनुचित कृत्य या दबाव बनाने की गतिविधियों में शामिल पाया जाता है, तो भविष्य में उसकी जवाबदेही तय की जाएगी.
उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में किसी भी राजनीतिक दबाव के सामने न झुकें।
मनमाने तरीके से परिसीमन, पूरी सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल, मुख्यमंत्री के रोड शो आदि के बावजूद नगरीय निकाय चुनावों में हार से बौखलाई भाजपा अब मेयर बनाने के लिए अब पुलिस का दुरुपयोग कर रही है। 10 नगर निगमों में से पाली, बीकानेर, अजमेर और भरतपुर नगर निगमों में हार चुकी भाजपा अब…
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) September 14, 2026






