CG News: स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी शिकायतों की छः सदस्यों की आंतरिक शिकायत समिति करेंगी जाँच

बेमेतरा :स्वास्थ्य विभाग से संबंधित शिकायत प्राप्त होते ही जिला प्रशासन द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए बीते एक सप्ताह पहले ही तत्काल संज्ञान में लिया था । इस संबंध में जिला प्रशासन की ओर से 14 अगस्त 2026 को ही डॉ. विभा बर्मन, चिकित्सा अधिकारी एवं अध्यक्ष, आंतरिक शिकायत समिति को जांच हेतु आवेदन प्रेषित कर आवश्यक जांच एवं कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
प्रकरण में शीघ्र जांच सुनिश्चित करने के लिए आज पुनः स्मरण पत्र जारी कर जल्द से जल्द जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम, 2013 के प्रावधानों के अंतर्गत गठित 6 सदस्यीय समिति में शासकीय एवम अशासकीय सदस्य है. अशासकीय सदस्य में समाज सेवी एवम वकील शामिल है ताकि निष्पक्ष जांच हो.
शिकायत में वर्णित समस्त बिंदुओं की जांच की जाएगी। जांच के दौरान संबंधित दस्तावेजों, शिकायतों एवं उपलब्ध तथ्यों का परीक्षण करने के साथ संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी भी ली जाएगी।
महिला अधिकारी-कर्मचारियों से संबंधित शिकायतों की जांच के दौरान कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम, 2013 के प्रावधानों का ध्यान रखा जाएगा। शिकायतों की प्रकृति के अनुरूप निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच की जाएगी। साथ ही शिकायतकर्ता एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों की पहचान तथा शिकायत से जुड़ी संवेदनशील जानकारी की गोपनीयता बनाए रखने का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
ADM द्वारा जारी स्मरण पत्र में जांच टीम को प्रकरण की अविलंब जांच कर 14 दिनों के भीतर तथ्यात्मक जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद प्रकरण में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर शासन को नियमानुसार प्रतिवेदन भेजा जाएगा. जिला प्रशासन द्वारा शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेकर जांच की प्रक्रिया प्रारंभ करने तथा समयबद्ध रूप से तथ्यात्मक प्रतिवेदन प्राप्त करने की कार्रवाई की जा रही है, जिससे कार्यस्थल पर सुरक्षित, सम्मानजनक एवं गरिमापूर्ण वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।









