ग्रामीणों ने बताया…NH ने गांव के साथ जमीन भी बांट दिया..पुल से गुजरना हुआ मुश्किल..संयुक्त कलेक्टर ने तत्काल किया तलब
फरियादी किसानों ने बताया...रास्ता बन्द,पुल छोटा..कैसे निकालें कृषि यंत्र

बिलासपुर—सोमवार को हमेशा की तरह लोग अपनी समस्याओं को लेकर साप्ताहिक जनदर्शन में फरियाद लेकर पहुंचे। इस दौरान कलेक्टर का प्रतिनिधित्व करते हुए संयुक्त कलेक्टर एसएस दुबे ने किसी की समस्या का मौके पर किया तो किसी के फरियाद को टीएल बैठक में शामिल कर समस्या निराकरण का आश्वासन दिया।
कलेक्टर अवनीश शरण के निर्देश पर संयुक्त कलेक्टर एस.एस. दुबे ने साप्ताहिक जनदर्शन में दूर दराज से पहुंचे फरियादियों को सुना और समस्या निराकरण का आश्वासन दिया। मटियारी तहसील निवासी सालिकराम सूर्यवंशी ने बताया कि लगातार प्रयास के बाद भी राजस्व अभिलेख में नाम सुधार के लिए भटक रहा है। संयुक्त कलेक्टर ने तत्काल एसडीएम बिलासपुर को आदेश दिया कि सालिकराम की समस्या का निराकरण करें।
लिंगियाडीह निवासी मो. इसराजू ने पोती समायरा परवीन को आत्मानंद अंग्रजी माध्यम स्कूल लिंगियाडीह में प्रवेश दिलवाने गुहार लगाई।दयालबंद निवासी नम्रता राज ने बताया कि जमीन जायजाद से पति ने बेदखल कर दिया। लिमतरा निवासी बैजनाथ राठौर समेत अन्य किसानों ने कृषि यंत्र के आवागमन को लेकर आवेदन पेश किया।
ग्रामीणों ने बताया कि हमारे गांव से भारतमाला एनएच 130 (ए) सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। गांव की 1500 एकड़ जमीन 2 भागों में बंट गयी है। मार्ग बन्द होने की वजह से कृषि यंत्र दूसरी तरफ मौजूद खेतों में लेकर जाना मुश्किल हो गया है। सड़क पर अंडरब्रिज तो बन रहा है लेकिन उंचाई कम होने से कृषि यंत्रों का पार होना नामुमकिन है।
किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त कलेक्टर ने तत्काल नेशनल हाईवे के अधिकारियों को तलब किया। साथ ही किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेने का आदेश दिया।









