Transfer News – जनगणना ड्यूटी वालों के ट्रांसफर पर लगी रोक! जनगणना को लेकर मुख्य सचिव ने कलेक्टरों को दिए सख्त निर्देश
मंत्रालय में 27 नवंबर को मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण को लेकर राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें प्रदेश के सभी जिला कलेक्टर, संभागायुक्त और जिला जनगणना अधिकारी शामिल हुए।

Transfer News/रायपुर।छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार जनगणना का काम डिजिटल माध्यम से किया जाएगा।
इसके लिए प्रदेशभर में हजारों अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जा रही है। इसी बीच राज्य सरकार ने जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य सचिव विकासशील ने सभी कलेक्टरों और संभागायुक्तों को जनगणना का काम समय-सीमा में और बिना किसी गलती के पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश में जनसंख्या गणना का काम 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक चलेगा।
मंत्रालय में 27 नवंबर को मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण को लेकर राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें प्रदेश के सभी जिला कलेक्टर, संभागायुक्त और जिला जनगणना अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण पर रोक संबंधी आदेशों का कड़ाई से पालन किया जाए।
इसका उद्देश्य जनगणना की प्रक्रिया के दौरान कर्मचारियों की उपलब्धता और काम की निरंतरता बनाए रखना है।उन्होंने कलेक्टरों को निर्देश दिया कि जनगणना के लिए नियुक्त कर्मचारियों को स्पष्ट जिम्मेदारी सौंपी जाए और उनके काम की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
छत्तीसगढ़ में जनगणना के दूसरे चरण के लिए बड़े स्तर पर कर्मचारियों की तैनाती होगी। प्रदेश के सभी 33 जिलों में जनसंख्या गणना की जाएगी।इसके लिए अनुमानित 60,682 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं। इनमें 10 प्रतिशत आरक्षित कर्मियों सहित कुल 62,102 प्रगणकों और 10,667 पर्यवेक्षकों की जरूरत होगी। इस तरह 72 हजार से अधिक प्रगणक और पर्यवेक्षक जनगणना की जिम्मेदारी संभालेंगे।प्रत्येक छह प्रगणकों पर लगभग एक पर्यवेक्षक की व्यवस्था रहेगी।
इस बार जनगणना की प्रक्रिया डिजिटल होगी। नागरिकों को खुद अपनी जानकारी दर्ज करने का विकल्प भी मिलेगा।
जनगणना का पूरा कार्यक्रम इस प्रकार है:
• 10 से 24 जनवरी 2027: स्व-गणना की सुविधा।
• 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027: प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे।
• 1 से 5 मार्च 2027: गणना के बाद पुनरीक्षण का काम होगा।
स्व-गणना के दौरान नागरिक खुद अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। जानकारी जमा होने के बाद एक आईडी जनरेट होगी, जिसे घर आने वाले प्रगणक को उपलब्ध कराना होगा।ध्यान देने वाली बात यह है कि स्व-गणना की सुविधा पूरी तरह ऐच्छिक है। यह अनिवार्य नहीं है। जो नागरिक स्व-गणना नहीं करेंगे, उनकी जानकारी प्रगणक घर जाकर दर्ज करेंगे।
जनगणना को आसान बनाने के लिए विशेष मोबाइल एप विकसित किया गया है। यह एप 16 भाषाओं में उपलब्ध होगा।
इसकी खासियत यह है कि इंटरनेट कनेक्टिविटी नहीं होने पर भी ऑफलाइन जानकारी दर्ज की जा सकेगी।इसके अलावा जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (CMMS) पोर्टल के जरिए कर्मचारियों की नियुक्ति, प्रशिक्षण, कार्य आवंटन और पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी।नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के लिए पासवर्ड, OTP और डेटा एन्क्रिप्शन जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा।
33 जिलों के गांवों और शहरों में होगी गणना
जनगणना 2027 के दूसरे चरण में छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिले शामिल होंगे। इसके तहत प्रदेश के 19,978 गांवों और 195 नगरों में जनसंख्या गणना की जाएगी। राज्य के 14 नगर निगमों में भी यह प्रक्रिया पूरी होगी।प्रत्येक गणना ब्लॉक में लगभग 800 लोगों की आबादी शामिल होगी। नए बसाहटों, झुग्गी बस्तियों, बहुमंजिला इमारतों और आवासीय एवं व्यावसायिक भवनों को भी गणना में शामिल किया जाएगा।
दिसंबर से शुरू होगी कर्मचारियों की ट्रेनिंग
जनगणना के काम में किसी तरह की गलती न हो, इसके लिए पांच स्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था बनाई गई है। फील्ड ट्रेनर्स को 2 से 12 दिसंबर तक जिला मुख्यालयों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।इसके बाद 21 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को चार्ज स्तर पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।सरकार का लक्ष्य है कि जनगणना का काम तय समय-सीमा में पूरा हो और आंकड़ों की गुणवत्ता बनी रहे। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर निगरानी और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जा रही है।





