CG News: SBI की बाल्को शाखा में 94 लाख का गबन

मामला SBI की बाल्को शाखा, कोरबा का है। ACB के मुताबिक, तत्कालीन मुख्य शाखा प्रबंधक सुनील कुमार झा पर 1 जून 2018 से 1 अगस्त 2019 के बीच बैंक के विभिन्न खातों से 93 लाख 60 हजार 797 रुपये अवैध रूप से ट्रांसफर करने का आरोप है।

CG News।कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की बाल्को शाखा में हुए करीब 94 लाख रुपये के गबन मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है।

करीब छह साल पुराने इस मामले में ACB बिलासपुर की टीम ने तत्कालीन मुख्य शाखा प्रबंधक सुनील कुमार झा को झारखंड के दुमका स्थित उनके निवास से गिरफ्तार किया है।

ट्रांजिट रिमांड पर छत्तीसगढ़ लाए जाने के बाद आरोपी को संबंधित न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

मामला SBI की बाल्को शाखा, कोरबा का है। ACB के मुताबिक, तत्कालीन मुख्य शाखा प्रबंधक सुनील कुमार झा पर 1 जून 2018 से 1 अगस्त 2019 के बीच बैंक के विभिन्न खातों से 93 लाख 60 हजार 797 रुपये अवैध रूप से ट्रांसफर करने का आरोप है।

जांच एजेंसी के अनुसार, बैंक से निकाली गई यह रकम आरोपी की पत्नी, बैंक के वाहन चालक और अन्य खाताधारकों के बैंक खातों में स्थानांतरित की गई थी। इस मामले में वर्ष 2020 में SBI के क्षेत्रीय प्रबंधक बापूजी चरण स्वैन ने ACB/EOW मुख्यालय रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी।

वाउचर और बैंक रिकॉर्ड से खुला गबन का मामला

शिकायत के आधार पर ACB ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान बैंक के विभिन्न BGL खातों के स्टेटमेंट, आरोपी की पत्नी, वाहन चालक और अन्य खाताधारकों के बैंक रिकॉर्ड जब्त किए गए।

CG NEWS:साय कैबिनेट की मीटिंग में लिए गए कई अहम् फ़ैसले - छत्तीसगढ़ पुलिस की भर्ती में इन उम्मीदवारोंको मिलेगी छूट

इसके अलावा बैंक से मूल बैच ट्रांसफर वाउचर और डेबिट वाउचर भी बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि इन्हीं वाउचरों के माध्यम से बैंक खातों से रकम डेबिट कर दूसरे खातों में ट्रांसफर की गई थी।

ACB के मुताबिक, इन वाउचरों को तत्कालीन मुख्य शाखा प्रबंधक सुनील कुमार झा ने ही तैयार किया था। जांच में मिले दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के साथ धोखाधड़ी, कूटरचना और अन्य संबंधित धाराएं भी जोड़ी गईं।

ACB को जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ बैंक के साथ धोखाधड़ी और आपराधिक न्यास भंग करने से जुड़े साक्ष्य मिले। इसके बाद ACB बिलासपुर की टीम ने झारखंड के दुमका में दबिश देकर सुनील कुमार झा को उसके निवास से गिरफ्तार किया।

दुमका के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद आरोपी को छत्तीसगढ़ लाया गया। इसके बाद उसे कोरबा के संबंधित न्यायालय में पेश किया गया, जहां से ACB को आरोपी की पुलिस रिमांड मिल गई।

छह साल पुराने मामले में अब होगी आगे की पूछताछ

करीब 94 लाख रुपये के कथित गबन के इस मामले में छह साल बाद हुई गिरफ्तारी के बाद अब ACB आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसी बैंक की रकम किन-किन खातों में ट्रांसफर की गई, इसमें अन्य लोगों की क्या भूमिका रही और गबन की पूरी प्रक्रिया कैसे अंजाम दी गई, इन सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।

Shri Mi

पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *