CG NEWS:नशीली दवाइयों की बिक्री रोकने हर एक मेडिकल स्टोर में लगेंगे CCTV कैमरे, सूरजपुर कलेक्टर-एसपी ने ली अफसरों की मीटिंग

CG NEWS:सूरजपुर ।जिला कलेक्टर एस जयवर्धन और जिला पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में अपर कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर, सभी एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार, थाना प्रभारी व अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की थी। इस दौरान जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को संयुक्त रूप से कार्य करने को कहा गया।
इस बैठक के दौरान कलेक्टर एस जयवर्धन ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी सजग होकर आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। असामाजिक तत्वों के की ओर की जाने वाली वारदातों, घटनाओं एवं विवादों पर पैनी नजर रखी जाए किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि की जानकारी मिलने और अप्रिय स्थिति निर्मित होने की दशा में त्वरित रूप में कड़ी कार्यवाही करें।
इसके अलावा कलेक्टर श्री जयवर्धन ने नशीली दवाइयों की अवैध आपूर्ति रोकने, सभी मेडिकल स्टोर में सीसीटीवी कैमरा लगवाने और प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री बिना चिकित्सक के पर्ची के नहीं होना सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कोटपा एक्ट के तहत तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर नियमित कार्यवाही के साथ ही नशामुक्ति के लिए सभी विभाग को समन्वय करते हुए सभी संभव उपाय करने और जिले के युवाओं को इससे बचाने के लिए नशामुक्ति जागरूकता अभियान स्कूल, कॉलेजों में आवश्यक रूप से चलाने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर ने कहा कि कहीं भी धरना प्रदर्शन के समय कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संभव उपाय करें। उन्होंने आगे कहा कि कई बार असामाजिक तत्वों द्वारा शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया जाता है। ऐसे में जनता के हित में ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी जरूरी उपाय करें।
बताते चले की जिला कलेक्टर एस जयवर्धन और जिला पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर हाल फिलहाल में जिले की कमान संभालने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था और जिले की कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जिला स्तर पर कई दौर की बैठके और जिले का दौरा कर रहे है। सोमवार को देर शाम तक संयुक्त जिला कार्यालय में हलचल रही है।









