Sarguja News: वोटर लिस्ट से मतदाताओं को हटाने का खेल, कांग्रेस ने दी अल्टीमेटम

Sarguja News।लखनपुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में चुनावी शुचिता और लोकतंत्र की नींव पर हमला करने वाली एक कथित साजि़श का खुलासा हुआ है।
ग्राम पंचायत मांजा के राजाकटेल क्षेत्र के 120 और नरकलो पंचायत के 18 मतदाताओं—कुल 138 लोगों—के नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए नियम विरुद्ध तरीके से ‘फॉर्म-7’ जमा किए गए हैं।
नियमतः फॉर्म-7 का उपयोग किसी मतदाता की मृत्यु, स्थान परिवर्तन या अपात्रता की स्थिति में नाम हटाने के लिए व्यक्तिगत स्तर पर किया जाता है। लेकिन कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि यहां मात्र 7 व्यक्तियों ने मिलकर 138 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए थोक में फॉर्म जमा किए हैं। यह न केवल चयनात्मक है, बल्कि चुनावी प्रक्रिया में अवैध हस्तक्षेप का स्पष्ट प्रयास है।
सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी लखनपुर के अध्यक्ष अमित सिंह देव और वरिष्ठ नेता विक्रमजीत सिंह देव के नेतृत्व में एक बड़े प्रतिनिधिमंडल ने अनुविभागीय अधिकारी (SDO), उदयपुर को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि फॉर्म-7 के इस संगठित दुरुपयोग की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच हो।
साजि़शकर्ताओं के विरुद्ध धारा 420 (धोखाधड़ी), 468 (जालसाजी), 120-बी (आपराधिक षड्यंत्र) और चुनाव संबंधी धाराओं के तहत कठोर FIR दर्ज की जाए।
प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि बिना उचित नोटिस, व्यक्तिगत सुनवाई और जमीनी सत्यापन के किसी भी मतदाता का नाम सूची से न हटाया जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कृपा शंकर गुप्ता, शराफत अली और रमेश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं ने दो टूक कहा है कि यदि समय रहते साजि़शकर्ताओं पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे इस मामले को भारत निर्वाचन आयोग (ECI) और उच्च न्यायालय तक ले जाएंगे।







