Rajasthan News

Rajasthan News-सरपंच के बहू की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप; फॉर्च्यूनर और 71 तोले सोने की थी मांग

Rajasthan News/नागौर के जायल उपखंड स्थित मांगलोद गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सरपंच की 23 वर्षीय बहू सविता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

पीहर पक्ष ने इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि दहेज हत्या का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि शादी के महज कुछ महीनों बाद से ही सविता को फॉर्च्यूनर, 71 तोला सोना और 21 लाख रुपये नकद दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। इस घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।

मृतका के पिता, रिटायर्ड सूबेदार मेजर भंवरलाल नैन ने रोल थाने में सरपंच महिपाल थालोड़, उनके बेटे नितिन थालोड़ और पत्नी लक्ष्मी के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है। भंवरलाल ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उनकी बेटी सविता की शादी इसी साल 6 मार्च को सरपंच महिपाल थालोड़ के बेटे नितिन से हुई थी।

शादी के शुरुआती कुछ महीने तो ठीक रहे, लेकिन बाद में नितिन, सास लक्ष्मी और ससुर महिपाल थालोड़ ने सविता को दहेज के लिए परेशान करना शुरू कर दिया।

पिता के अनुसार, शादी में बलेनो कार, 20 तोला सोना, एक प्लॉट और 5 लाख रुपये नकद दिए गए थे, लेकिन ससुराल वाले इससे संतुष्ट नहीं थे और लगातार फॉर्च्यूनर एसयूवी, 70 तोला सोना और 21 लाख रुपये की अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे।

सविता को घर में नौकरों की तरह रखा जाता था और उसे समय पर खाना भी नहीं दिया जाता था।

घटना से ठीक एक दिन पहले, 18 अक्टूबर को सविता ने अपनी मां चंपादेवी से फोन पर बात की थी और बताया था कि अब उससे यह सब सहन नहीं हो रहा है।

उसने मां से अपने भाई को लेने भेजने के लिए कहा था।

अगले ही दिन, 19 अक्टूबर को जब सविता का भाई श्रवण उसे लेने ससुराल पहुंचा, तो उसे अपनी बहन की मौत की खबर मिली। घर में सविता फंदे से लटकी मिली थी, जिससे पीहर पक्ष को हत्या का शक गहरा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप दिया गया है।

सूचना मिलने पर डीएसपी जायल खेमाराम बिजारणियां मौके पर पहुंचे। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जेएलएन अस्पताल में शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार करते हुए धरना प्रदर्शन किया, लेकिन पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद वे मान गए।

मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Shri Mi

पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
Back to top button
cgwall