दिसंबर में ठिठुरेगा मध्य प्रदेश: कई शहरों में तापमान 5–8 डिग्री तक गिरने के आसार, शीतलहर का बढ़ेगा असर

दिसंबर की शुरुआत के साथ ही मध्य प्रदेश में एक बार फिर कड़ाके की ठंड दस्तक देने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हवाओं के सक्रिय होने से प्रदेश के तापमान में और गिरावट होगी।

आने वाले दिनों में कई शहरों में न्यूनतम तापमान 5 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है, जिससे कोल्ड डे और शीतलहर की स्थिति बनेगी।

इस ठंड के प्रभाव का सबसे ज्यादा असर भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और चंबल सहित कई संभागों में देखने को मिलेगा। दिसंबर और जनवरी में ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, सीहोर, विदिशा, निवाड़ी, छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मंडला, डिंडौरी, इंदौर, धार और झाबुआ में तेज ठंड पड़ने की संभावना जताई गई है।

दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान ‘दित्वा’ अभी तमिलनाडु–पुडुचेरी तटों के समानांतर उत्तर की ओर बढ़ रहा है। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा और उससे सटे क्षेत्रों पर सक्रिय है। इन मौसम प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से उत्तर दिशा की ठंडी हवाएं लगातार बह रही हैं, जिसके चलते ठंड का असर दो से तीन दिनों तक और बढ़ सकता है।

रविवार को प्रदेश में तापमान में आई गिरावट इसका संकेत रही। बीते 24 घंटों में 10 शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। नौगांव 6.5 डिग्री के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा।

राजधानी भोपाल में शीतलहर का असर साफ दिखा, जहां न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पचमढ़ी में भी ठंड तीखी रही और यहां पारा 7 डिग्री तक पहुंच गया।

School News: प्रदेश के 9 हजार 307 सरकारी स्कूलों में हुई पीटीएम

Shri Mi

पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर

Related Articles