प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत! देवर-भाभी ने एक साथ जहर खाकर दी जान, दिवाली के दिन गांव के पास जंगल में मिले बेहोश

बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां प्रेम प्रसंग के चलते एक देवर और भाभी ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई। इस घटना के बाद किरतपुर थाना क्षेत्र के हुसैनपुर गांव में मातम पसर गया है।
मामला सोमवार दिवाली के दिन का है। गांव के पास जंगल में ललित (19) पुत्र जोगराज सिंह और उसकी रिश्ते की भाभी आरती (35) पत्नी जगमोहन बेहोश पड़े मिले।
ग्रामीणों को इसकी जानकारी होने पर उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई।
प्रेम संबंध और दो बच्चों का दर्द:
गांव में इस बात की चर्चा है कि आरती और ललित के बीच पिछले कई महीनों से प्रेम संबंध चल रहा था। आरती के दो मासूम बच्चे भी हैं— नौ वर्षीय बेटी और सात वर्षीय बेटा— जो मां को याद करके रो रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले 10 अक्टूबर को भी दोनों प्रेमी युगल घर से फरार हो गए थे।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दोनों को बरामद किया था, तब आरती ने परिजनों के समझाने पर अपने पति के साथ रहने की इच्छा जताई थी और घर लौट आई थी। लेकिन दिवाली के दिन दोनों ने एक साथ मरने का खौफनाक फैसला ले लिया।
थाना किरतपुर प्रभारी निरीक्षक पुष्पा देवी ने बताया कि पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि उन्होंने कौन-सा जहरीला पदार्थ खाया था।
ग्रामीणों का कहना है कि सामाजिक बंधनों और परिवार के दबाव के चलते ही दोनों साथ नहीं रह सके, जिसका परिणाम यह दर्दनाक अंत रहा।









