जमीन हेराफेरी…मुख्यमंत्री तक पहुंची शिकायत…जांच में पाया गया दोषी..कलेक्टर ने आरआई सुरेश सिंह को किया निलंबित
बेलपान आरआई पर गिरी निलंबन की गाज

बिलासपुर—जमीन हेराफेरी के आरोप में कलेक्टर अवनीश शरण ने आरआई सुरेश सिंह ठाकुर को निलंबित कर दिया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री जनदर्शन में किया था। मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली शिकायत और जांच पड़ताल के बाद बेलपान आरआई पर एक्शन लिया गया है।
मुख्यमंत्री जनदर्शन में मिली शिकायत पर जिला प्रशासन ने तत्परता से कार्रवाई की है। तखतपुर तहसील स्थित बेलपान आरआई सुरेश कुमार ठाकुर को निलंबित कर दिया है। ठाकुर पर आरोप है कि सकरी तहसील के बेलमुंडी में पटवारी रहने के दौरान एक किसान की जमीन की हेराफेरी किया है। पीड़ित किसान अरविंद कुमार शर्मा ने मुख्यमंत्री से 8 अगस्त को आयोजित जनदर्शन में शिकायत की थी।
किसान ने बताया कि उनके पिता ने बटवारे के तहत 3.92 हेक्टेयर जमीन दिया था। उसके नाम से जमीन का अलग से पर्चा था। मुख्यमंत्री को लिखित में पीड़ित किसान ने बताया कि वह बिलासपुर में रहता है। यदा कदा गांव भी जाता था। 2021 में पिता के निधन के बाद पटवारी ने उनके छोटे भाई के साथ साजिश रचकर जमीन उसे नाम चढ़ा दिया।
किसान ने बताया कि स्थानीय स्तर पर अधिकारियों से काफी अनुनय विनय किया। लेकिन किसी ने समस्या को गंभीरता से नही ंलिया। थक हारकर मुख्यमंत्री जनदर्शन कार्यक्रम में न्याय मांगने आया है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर कलेक्टर अवनीश शरण ने जांच का आदेश दिया। रिपोर्ट में प्रारंभिक रूप से सुरेष ठाकुर को दोषी पाया गया। रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर बेलमुंण्डी के तत्कालीन पटवारी सुरेश कुमार ठाकुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय भू अभिलेख शाखा बिलासपुर रखा गया है।









