कलेक्टर ने किया घरौंदा का लोकार्पण…फल,स्वल्पाहार का किया वितरण..मां के नाम लगाया पौधा..कहा हर महीने चाहिए रिपोर्ट

बिलासपुर—कलेक्टर अवनीश शरण ने मंगलवार को तिफरा स्थित फल मण्डी के पास आश्रय दत्त कर्मशाला में महिला घरौंदा के लिए नये भवन का शुभारंभ किया। जानकारी देते चलें कि पहले यह संस्था डीपूपारा में संचालित होती थी। बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए नये सुविधायुक्त भवन को तिफरा में शिफ्ट किया गया है। जानकारी देते चलें कि समाज कल्याण विभाग से अनुदान प्राप्त विकास सेवा संस्थान के माध्यम से महिला घरौंदा का संचालन किया जाता है। वर्तमान में मानसिक दिव्यांग 25 महिलाओं की देख-रेख और पालन पोषण संस्था से किया जा रहा है।
कलेक्टर अवनीश शरण ने मंगलवार को तिफरा स्थित नए महिला घरौंदा का लोकार्पण किया। लोकार्पण के बाद कलेक्टर ने नये भवन और परिसर का जायजा लिया। व्यवस्था को लेकर संतोष जाहिर किया। संस्था अधीक्षक को जरूरी दिशा निर्देश भी दिया। उन्होने कहा कि दिव्यांग महिला हितग्राहियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। कार्यक्रम के बीच संस्था अधीक्षक अंशु गौड़ और उपाध्यक्ष अमित भूषण ने कलेक्टर को संस्था की क्रिया कलापो से अवगत कराया। इस दौरान कलेक्टर ने दिव्यांग महिलाओं के बीच फल और स्वल्पाहार का वितरण किया।
नये भवन में दो बड़े हॉल, डायनिंग कक्ष, रसोई घर, दो थेरेपी कक्ष, सांस्कृतिक गतिविधि कक्ष, कार्यालय और अधीक्षक कक्ष, के साथ परिसर में स्वस्थ वातावरण बनाने के लिए खुली जगह के साथ-साथ बरामदा की व्यवस्था है। कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग संयुक्त संचालक श्रद्धा एस मैथ्यू को निर्देश दिया कि संस्था की गतिविधियों का नियमित निरीक्षण कर जिला प्रशासन को रिपोर्ट दें।
कलेक्टर और निगम आयुक्त ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत घरौंदा परिसर में फलदार पौधे लगाए। इस अवसर पर उप नियंत्रक ब्रेल प्रेस हरीश सक्सेना, सहायक सांख्यिकी अधिकारी प्रशांत मोकासे, उत्तम राव, परिवीक्षा अधिकारी सरस्वती रामेश्री, बीना दीक्षित प्रशासनिक अधिकारी आश्रयदत्त कर्मशाला के साथ-साथ घरौदा परिवार के साथ-साथ समाजसेवी संस्था के पदाधिकारी के अलावा समाज कल्याण विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।









