Chhattisgarh Liquor Price Hike: छत्तीसगढ़ में शराब पर टैक्स का तड़का, 1 अप्रैल से महंगी होगी जाम की हर घूँट, प्रीमियम ब्रांड्स के बढ़ेंगे दाम
छत्तीसगढ़ में शराब प्रेमियों के लिए आने वाला नया वित्तीय वर्ष जेब पर भारी पड़ने वाला है। राज्य की साय सरकार ने नई आबकारी नीति 2026-27 के तहत टैक्स के ढांचे में बड़ा बदलाव किया है, जिससे 1 अप्रैल से शराब की कीमतों में जबरदस्त उछाल आना तय है।

Chhattisgarh Liquor Price Hike।रायपुर: छत्तीसगढ़ में नया वित्तीय वर्ष शुरू होने के साथ ही देसी-विदेशी शराब और बीयर के शौकीनों को बड़ा झटका लगने वाला है।
राज्य सरकार ने नई आबकारी नीति की अधिसूचना जारी कर दी है, जो 30 जनवरी 2026 को राजपत्र में प्रकाशित हो चुकी है।
नई नीति के तहत अब शराब पर लगने वाला टैक्स उसकी RSP (रिटेल सेल प्राइस) के आधार पर तय होगा, जिसका सीधा मतलब है— “जितनी महंगी बोतल, उतना ज्यादा टैक्स”।
सरकार ने शराब की कीमतों को अलग-अलग स्लैब में बांटकर ‘काउंटरवेलिंग ड्यूटी’ और ‘आबकारी शुल्क’ में संशोधन किया है।
- विदेशी शराब: ₹11,000 से अधिक कीमत वाले प्रीमियम ब्रांड्स पर सबसे अधिक ₹1400 प्रति प्रूफ लीटर की ड्यूटी लगाई गई है।
- बीयर: ₹100 तक की बीयर पर ₹120 प्रति बल्क लीटर और ₹121 से अधिक की बीयर पर ₹175 प्रति बल्क लीटर की ड्यूटी लगेगी।
- देसी शराब: देसी मदिरा की लैंडिंग प्राइस पर भी 50% काउंटरवेलिंग ड्यूटी लागू कर दी गई है, जिससे ग्रामीण इलाकों में भी शराब महंगी होगी।
कांच की जगह अब प्लास्टिक की बोतलों का दौर
नई आबकारी नीति में एक और बड़ा बदलाव पैकेजिंग को लेकर किया गया है। अब छत्तीसगढ़ में शराब कांच के बजाय प्लास्टिक की बोतलों में मिलेगी। सरकार का तर्क है कि इससे परिवहन के दौरान होने वाली टूट-फूट कम होगी और लागत में कमी आएगी। हालांकि, पर्यावरण और स्वास्थ्य के नजरिए से इस फैसले पर विशेषज्ञों की अलग-अलग राय है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इस फैसले का बचाव करते हुए कहा कि “समय और लागत के अनुसार दरों में संशोधन आवश्यक है। इससे राज्य के राजस्व में वृद्धि होगी और अवैध शराब की बिक्री पर लगाम लगेगी।”

दूसरी ओर, विपक्ष ने इसे जनता की जेब पर डाका बताया है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार जनहित की बात करती है लेकिन शराब को राजस्व का मुख्य जरिया बना रही है। पलटवार करते हुए भाजपा ने पुराने ‘शराब घोटाले’ की याद दिलाई और कहा कि नई नीति पारदर्शिता सुनिश्चित करेगी।









