छत्तीसगढ़ में कृषि शिक्षक भर्ती की योग्यता को हाईकोर्ट में चुनौती: NCTE नियमों के उल्लंघन का आरोप, राज्य शासन से मांगा जवाब

इस भर्ती प्रक्रिया की खास बात यह है कि जहां सामान्य शिक्षकों के लिए बीएड के साथ शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है, वहीं कृषि शिक्षकों के लिए टीईटी की छूट दी गई है. कृषि शिक्षक पदों के लिए अभ्यर्थियों का केवल बीएड पास होना आवश्यक है, क्योंकि इनकी पदस्थापना सीधे हायर सेकंडरी स्कूलों में की जाती है.

बिलासपुर।छत्तीसगढ़ के लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा आयोजित की जा रही कृषि शिक्षक भर्ती परीक्षा में शैक्षणिक योग्यता के मापदंडों को लेकर कानूनी विवाद खड़ा हो गया है.

बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर कर कृषि शिक्षक पदों के लिए तय की गई न्यूनतम योग्यता को चुनौती दी गई है. याचिका में आरोप लगाया गया है कि राज्य सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षक शिक्षा परिषद (NCTE) के निर्धारित नियमों को नजरअंदाज करते हुए पात्रता तय की है. मामले की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने राज्य शासन को नोटिस जारी कर इस संबंध में जवाब तलब किया है.

याचिका में कहा गया है कि एनसीटीई द्वारा वर्ष 2014 में जारी अधिसूचना के अनुसार 11वीं और 12वीं कक्षाओं के विद्यार्थियों को पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए न्यूनतम योग्यता स्नातकोत्तर (Post Graduation) होना अनिवार्य है.

इसके विपरीत, राज्य शासन ने कृषि शिक्षकों के लिए केवल स्नातक (Graduation) की पात्रता निर्धारित की है, जो केंद्रीय नियमों और राष्ट्रीय मानकों का उल्लंघन है. याचिकाकर्ताओं ने अदालत से मांग की है कि भर्ती प्रक्रिया में एनसीटीई के दिशानिर्देशों के तहत स्नातकोत्तर की अनिवार्यता लागू की जाए.

गौरतलब है कि विभाग द्वारा जारी भर्ती अधिसूचना के अनुसार शिक्षक ई-संवर्ग के 868 और टी-संवर्ग के 786 यानी कुल 1,654 पदों पर सीधी भर्ती की जानी है. संभागवार बंटवारे के तहत ई-संवर्ग में रायपुर में 209, सरगुजा में 40, बिलासपुर में 270 और दुर्ग संभाग में 354 पद शामिल हैं. वहीं टी-संवर्ग के अंतर्गत सरगुजा में 265, बिलासपुर में 130, रायपुर में 56, दुर्ग में 50 और बस्तर संभाग में 285 शिक्षकों के पद हैं.

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायगढ़ जिले के ग्राम गढ़ उमरिया में नवगुरुकुल का किया शुभारंभ

विषयवार स्थिति देखें तो ई-संवर्ग में हिंदी के 109, संस्कृत के 150, अंग्रेजी के 319, गणित के 135, सामाजिक विज्ञान के 150 और कृषि के 5 पद हैं. इसी तरह टी-संवर्ग में हिंदी के 141, संस्कृत के 150, अंग्रेजी के 185, गणित के 115, सामाजिक विज्ञान के 100 और कृषि के 95 पदों पर प्रक्रिया जारी है.

इस भर्ती प्रक्रिया की खास बात यह है कि जहां सामान्य शिक्षकों के लिए बीएड के साथ शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है, वहीं कृषि शिक्षकों के लिए टीईटी की छूट दी गई है. कृषि शिक्षक पदों के लिए अभ्यर्थियों का केवल बीएड पास होना आवश्यक है, क्योंकि इनकी पदस्थापना सीधे हायर सेकंडरी स्कूलों में की जाती है.

साथ ही नियम अनुसार अभ्यर्थी विज्ञापित पदों में से किसी एक ही विषय के लिए आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं. अब हाईकोर्ट द्वारा जवाब मांगे जाने के बाद इस भर्ती प्रक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.

Shri Mi

पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *