CG NEWS:दिवंगत शिक्षाकर्मियों के परिजन को अनुकंपा नियुक्ति,सरकार के फ़ैसले का दिल से स्वागत कर रहे शिक्षक संगठन

CG NEWS:सरगुजा ।प्रदेश की विष्णु देव साय सरकार ने 16 अक्टूबर को एक ऐतिहासिक और बड़ा फैसला लेते हुए 2018 से पूर्व दिवंगत शिक्षाकर्मियों के परिजनों को योग्यतानुसार अनुकंपा नियुक्ति देने का संवेदनशील निर्णय लिया है। सरकार के इस कदम की प्रशंसा और स्वागत करते करते हुए छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक फेडरेशन के पूर्व जिला संयोजक एवं प्राथमिक प्रधान पाठक संघ के संभागाध्यक्ष निर्मल भट्टाचार्य ने बताया कि प्रदेश के सहायक शिक्षकों के मोर्चा ने संविलियन के बाद रमन सरकार के कार्यकाल के दौरान अपनी चार सूत्री मांगों में प्रमुख रूप से शिक्षक पंचायत और शिक्षक नगरीय निकाय के दिवंगत शिक्षक साथियों के परिजनों को अनुकंपा देने की मांग रखी थी। इसे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूरा कर दिया है। इस मांग को पूरा करने के लिए हम सरकार का धन्यवाद देते है ।
शिक्षक नेता निर्मल भट्टाचार्य ने दिवंगत शिक्षको के परिजनों के लिए अनुकंपा नियुक्ति की मांग को जून 2018 से जोर शोर से उठाने वाले और संबंधित लंबित अनुकंपा परिवार के परिजनों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि प्रदेश के 1,09,000 सहायक शिक्षक साथियों के सहयोग, सबकी उदारता, अनुकंपा पीड़ित बहन और संघ के प्रांताध्यक्ष माधुरी मृगे के नेतृत्व, उनके जज्बा, लगन, संघर्षशीलता तथा अनुकंपा नियुक्ति आंदोलन में सालभर तक रायपुर में हड़ताल में बैठने वाली उन सभी वीरांगना बहनों के जज्बे को सलाम है । जिन्होंने लगातार अनेक वर्षों से बिना किसी संसाधन के अपनी मांगों और उक्त आंदोलन को जिंदा रख इसलिए उन सबकी जीत हुई है ।
प्राथमिक प्रधान पाठक संघ के जिला उपाध्यक्ष रमेश गुप्ता ने बताया कि आमतौर पर ऐसी महत्वपूर्ण घोषणाएं चुनावी साल के नजदीक होती है।लेकिन दिवंगत शिक्षा कर्मियों के परिजनों का संघर्ष इस सरकार ने समझा। अब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के सहायक शिक्षकों के मन में यह आस जगा दी है कि मोदी की गारंटी में सहायक शिक्षकों के वेतन में विसंगति भी जल्द दूर होगी।









