निकाय चुनाव…नगर निगम 70 वार्डों में 5 बजे तक 50 प्रतिशत लोगों ने किया मतदान…कहीं भारी उत्साह तो.. कहीं…खाली नजर आया बूथ

कहीं तनाव,कहीं झूमा झटकी..इतनी शांति कि 5 बजे तक 50 प्रतिशत मतदान

 बिलासपुर—नगर निगम बिलासपुर के सत्तर वार्डों के लिए सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हुआ। शुरूआत में मतदान की गति काफी धीमी रही…दोपहर होते कुछ जोर पकड़ा..लेकिन पांच बजे तक कुछ वार्डों को छोड़कर बूथ में सन्नाटा पसरा रहा। चुनाव आयोग से जारी सूचना के अनुसार शाम पांच बजे तक निगम क्षेत्र की करीब 50 प्रतिशत जनता ने मतदान किया। कई बूथ क्षेत्र में आने के बाद देर से पहुंचे मतदाता शाम 6 बजे तक मतदान करते रहे। 
 
पूरी तैयारी के साथ बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र में सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ। यद्यपि मतदान की गति काफी धीमी रही। सुबह अधिकारी वर्ग और व्यवसाय जगत से जुड़ें लोगों ने मतदान किया। और अपने कामकाज से जुड़ गए।  इसके बाद ज्यादातर मतदान केन्द्रों में घंटो तक इक्का दुक्का लोग ही नजर आए। 12 से एक बजे के बीच तारबाहर, बस स्टैण्ड, मंगला क्षेत्र स्थित 27 खोली, शेफर्ड स्कूल के अलावा बृहस्पति बाजार के मिशन स्कूल में जमकर भीड देखने को मिली। 
 
   इस दौरान कहीं भगवा पहने लोगों की भीड़ ज्यादा नजर आयी तो कहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं का माहौल देखने को मिला। शेफर्ड स्कूल और बस स्टैण्ड स्थित पुत्री शाला मतदान केन्द्र में भाजपा कार्यकर्ता भगवा रंग में कुछ ज्यादा ही नजर आए।  मिशन स्कूल में मतदान के दौरान करीब आधा घंटा तक जाम स्थिति रही। लेकिन भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर किसी तरह जाम को खत्म कराया।  मिशन स्कूल में लिपिक कर्मचारी नेता रोहित तिवारी परिवार के साथ मतदान किया। राजकुमार मिश्रा और धर्मेश शर्मा के अलावा पूर्व महापौर की पत्नी भी मतदान केन्द्र के बाहर नजर आयी। तालापारा क्षेत्र में मतदाताओं की भीड़ काफी उत्साहित करने वाली थी।

 
 
दोपहर को कपिल नगर वार्ड के  जबड़ापारा स्थित सेन्ट जेवियर स्कूल में दोपहर बाद ज्यादा लोग मतदान करने पहुंचे। इस दौरान पक्ष और विपक्ष के प्रत्याशी बूध के सामने एक साथ खाना खाते नजर आये। दोनो प्रत्याशियों ने अपनी अपनी जीत का दावा किया। लेकिन दोनों में बहुत ज्यादा उत्साह देखने को नहीं मिला।
 
 जिला और पुलिस प्रशासन ने दावा किया कि क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान हुआ है। बावजूद इसके दावों के बीच कई मतदान केन्द्रों में तनाव की स्थिति रही। राजा रघुराज सिंह स्टेडियम, लाला लाजपत राय नगर,गणेश नगर मतदान केन्द्र में मारपीट और धक्का मुक्की का मामला सामने आया। मामला थाने तक पहुंचा। लेकिन अभी तक एफआईआर दर्ज होने की कहीं से शिकायत नहीं मिली है।
 
वार्ड क्रमांक 30 के राघवेन्द्र राव सभा भवन में जरूर नोट बांटने का मामला सामनेआया। इसके पहले नोट बांटने वाले को पकड़ा जाता। आरोपी फरार हो गया। बाद में कुछ लोगों ने बताया कि आपसी लेन देन का मामला था। 
कलेक्टर औचक पहुंचे सिम्स...फिर क्या क्या हुआ पढ़ें खबर...प्रबंधन को दिया आदेश..यहां लगाएं टीवी..खोले बिस्किट दुकान

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।वर्तमान में CGWALL में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *