बिहार चुनाव 2025: पहले चरण के लिए 1314 उम्मीदवार मैदान में, पटना से सर्वाधिक 9 नामांकन वापस, कुढ़नी और मुजफ्फरपुर में सबसे कड़ी टक्कर

बिहार चुनाव 2025:पटना/। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन वापसी की प्रक्रिया सोमवार को समाप्त हो गई है, जिसके बाद चुनावी मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है। प्रथम चरण में अब कुल 1,314 उम्मीदवार चुनावी दंगल में अपना भाग्य आजमाएंगे।

नामांकन प्रक्रिया का ब्योरा: पहले चरण के लिए नामांकन की प्रक्रिया 10 अक्टूबर को शुरू हुई और 17 अक्टूबर को पूरी हुई थी।कुल 1,690 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था।

 संवीक्षा के बाद 1,375 नामांकन वैध पाए गए।नामांकन वापसी की अंतिम तिथि (20 अक्टूबर) तक 61 उम्मीदवारों ने अपना नाम वापस लिया, जिसके बाद 1,314 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं।

सबसे ज्यादा और सबसे कम उम्मीदवार:

  सबसे अधिक उम्मीदवार कुढ़नी और मुजफ्फरपुर विधानसभा सीटों पर हैं, जहां 20-20 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।सबसे कम उम्मीदवार भोरे, अलौली और परबत्ता विधानसभा सीटों पर हैं, जहां 5-5 उम्मीदवार ही चुनावी ताल ठोक रहे हैं।

जिलेवार नामांकन वापसी:

नामांकन वापसी में पटना जिला सबसे आगे रहा, जहां 9 उम्मीदवारों ने अपना नाम वापस लिया। इसके बाद दरभंगा (8), बेगूसराय (7), और गोपालगंज (6) का स्थान रहा। पटना जिले की 14 विधानसभा सीटों पर अब कुल 149 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें पालीगंज विधानसभा में सबसे ज्यादा 14 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

वहीं, भागलपुर जिले की 7 विधानसभा सीटों के लिए 102 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिसमें नाथनगर में अकेले 21 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया है।

बता दें कि प्रथम चरण के लिए मतदान की तारीख 6 नवंबर निर्धारित की गई है। इसके बाद दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर  को की जाएगी।

Shri Mi

पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर

Related Articles