CG News- PDS राशन घोटाले पर बड़ी कार्रवाई, लाखों के चावल-शक्कर-नमक की कमी; दो महिलाएं गिरफ्तार

जांच के दौरान अगस्त 2026 में हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन पर फिंगरप्रिंट लगवाने के बाद राशन वितरित नहीं किए जाने की बात भी सामने आई। खाद्य विभाग ने इसे सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश, 2016 के प्रावधानों का उल्लंघन माना। जांच प्रतिवेदन के आधार पर आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3 और 7 के तहत कार्रवाई की गई।

cg news/रायगढ़। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के खाद्यान्न में गड़बड़ी और शासकीय राशन के कथित गबन के मामलों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर धरमजयगढ़ विकासखंड के ससकोबा और गनपतपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकानों की जांच में लाखों रुपये मूल्य के चावल, शक्कर और नमक की कमी सामने आई। मामले में पुलिस ने ससकोबा की संचालन एजेंसी से जुड़ी अध्यक्ष उमाबाई राठिया और सचिव माधुरी बाई राठिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, खाद्य विभाग ने 3 सितंबर 2026 को ग्राम ससकोबा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009078 का निरीक्षण और भौतिक सत्यापन किया था। जांच के दौरान दुकान में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक की कमी पाई गई। विभाग के अनुसार, कम पाए गए खाद्यान्न की कुल कीमत करीब 12.89 लाख रुपये है।

जांच के दौरान अगस्त 2026 में हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन पर फिंगरप्रिंट लगवाने के बाद राशन वितरित नहीं किए जाने की बात भी सामने आई। खाद्य विभाग ने इसे सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश, 2016 के प्रावधानों का उल्लंघन माना। जांच प्रतिवेदन के आधार पर आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3 और 7 के तहत कार्रवाई की गई।

मामले में सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया (45), सचिव माधुरी बाई राठिया (44) और विक्रेता बिहारी राठिया को आरोपी बनाया गया है। चौकी रैरूमाखुर्द पुलिस ने उमाबाई राठिया और माधुरी बाई राठिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं विक्रेता बिहारी राठिया फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

CG News: कोतबा में सर्वाधिक, दस बजे तक 17.16 फीसदी मतदान

इसी तरह ग्राम गनपतपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009080 में भी खाद्यान्न के स्टॉक में बड़ी कमी मिली। भौतिक सत्यापन के दौरान 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक कम पाया गया। खाद्य विभाग के अनुसार, इन खाद्यान्नों की कीमत करीब 18.86 लाख रुपये है।

जांच में दुकान का संचालन जननी महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष रूबीना खान, सचिव शाहिन खान और विक्रेता शहनवाज खान द्वारा किया जाना पाया गया। जांच प्रतिवेदन और पंचनामा के आधार पर शासकीय खाद्यान्न के कथित गबन तथा PDS से जुड़े प्रावधानों के उल्लंघन को लेकर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है। इस मामले में संबंधित आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है।

दोनों मामलों में पुलिस चौकी रैरूमाखुर्द, थाना धरमजयगढ़ में धारा 3 और 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है। पुलिस के अनुसार, ससकोबा मामले में फरार विक्रेता बिहारी राठिया तथा गनपतपुर मामले में रूबीना खान, शाहिन खान और शहनवाज खान की तलाश जारी है।

Shri Mi

पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *