India News

IMD Alert- दिवाली के बाद बदलेगा मौसम का मिजाज: दक्षिण में बारिश का दौर, उत्तर में बढ़ेगी ठंड

IMD Alert-दिवाली के उल्लास के बाद अब देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दक्षिणी और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है, जबकि उत्तर भारत में तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिणी प्रायद्वीप के राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा हो सकती है। 26 अक्टूबर तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और लक्षद्वीप द्वीप समूह में बारिश का पूर्वानुमान है।

IMD Alert-विशेष रूप से, 21 अक्टूबर को दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जो इन क्षेत्रों में मौसम को प्रभावित करेगा। अगले 24 घंटों के लिए तमिलनाडु और केरल के कोयंबटूर, नीलगिरी, इरोड, तिरुप्पुर, थेनी और तेनकासी जिलों के घाट क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। चेन्नई और उसके आसपास के जिलों में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

मध्य और पूर्वी भारत में भी बारिश का अनुमान

मध्य प्रदेश और विदर्भ में 21 से 23 अक्टूबर के दौरान झमाझम बारिश होने की संभावना है। वहीं, छत्तीसगढ़ में 21 से 24 अक्टूबर के बीच बारिश के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। कोंकण, गोवा, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में अगले दो दिनों तक बिजली गिरने के साथ तूफान की आशंका है। ओडिशा में भी अगले 48 घंटों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है, जिसके मद्देनजर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। आईएमडी, भुवनेश्वर की निदेशक मनोरमा मोहंती ने संभावित बिजली गिरने और तेज हवाओं से बचाव के लिए सतर्क रहने को कहा है।

पहाड़ी क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश, उत्तर भारत में बढ़ेगी ठंड

पहाड़ी राज्यों की बात करें तो, 21 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फरबाद, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में गरज के साथ बारिश की संभावना है। इन मौसमी गतिविधियों का असर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों पर भी देखने को मिलेगा।

IMD Alert-जानकारी के अनुसार, दिवाली बीतने के बाद दिल्ली समेत उत्तर भारत में धीरे-धीरे ठंड बढ़ेगी। देश के अन्य हिस्सों में बारिश और बर्फबारी के कारण अगले सप्ताह से उत्तर भारत के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे गुलाबी ठंड का एहसास बढ़ने लगेगा।

Shri Mi

पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
Back to top button
cgwall