अवनीश शरण बन गए पहले कलेक्टर..परेशान कर्मचारियों ने लगाई जनदर्शन में गुहार..फरियादियों को DM ने किया खुश..फेडरेशन ने जताई खुशी
तीन दर्जन से ज्यादा परेशान कर्मचारियों ने की फरियाद

Join WhatsApp Group यहाँ क्लिक करे
बिलासपुर—अब तक देखने में आया कि एक निर्धारित दिन कलेक्टर जनता की फरियाद को सुनते हैं। समस्या का निदान भी करते हैं। पहली बार बिलासपुर जिले के इतिहास में कलेक्टर आम जनता की जगह अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए जनदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया इस दौरान कर्मचारियों और अधिकारियों ने खुलकर अपने सुख दुख को साझा किया। काम काज के दौरान आने वाली परेशानियों से भी अवगत कराया।
मंगलवार को कलेक्टर अवनीश शरण ने अधिकारी-कर्मचारियों के लिए जनदर्शन कार्यक्रम का आयोजन कर इतिहास गढ़ा है। कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए लिए पहली बार आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में तीन दर्जन से अधिक लोगों ने कलेक्टर से मुलाकात कर अपनी समस्याओं को पेश किया। इस दौरान कर्मचारियों ने व्यक्तिगत और सामूहिक रूप से परेशानियों को साझा किया। कलेक्टर ने भी यथासंभव समस्याओं का समाधान किया। परेशानियों को लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों से फोन पर संवाद किया। गंभीर समस्याओं को टीएल पंजी में दर्ज कर निदान करने का वादा किया। इस दौरान कलेक्टर ने आदिवासी विभाग के निलंबित छात्रावास अधीक्षक प्रफुल्ल शर्मा को चेतावनी के साथ बहाल करने का आदेश दिया। जानकारी देते चलें कि करीब 9 महीने पहले छात्रावास के निरीक्षण के दौरान लापरवाही बरतने पर प्रफुल्ल शर्मा को कलेक्टर ने ही निलंबित किया था।
कर्मचारियों ने गिनाई समस्या
जनदर्शन में प्रमुख रूप से आवास आवंटन, निलंबन से बहाली, पद के अनुरूप काम नहीं मिलना, सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन और ग्रेेज्यूटी नहीं मिलना, अधिकारियों की तरफ से मानसिक प्रताड़ना दिया जाने की शिकायत सामने आ.यी। इसके अलावा चिकित्सा प्रतिपूर्ति का भुगतान, पेंशन निर्धारण, कम्प्यूटर ऑपरेटरों की पदोन्नति चेनल निर्धारण, कम्प्यूटर दक्षता के लिए परीक्षा का आयोजन, नियमित रूप से मानदेय प्रदाय, संलग्नीकरण की शिकायतों को कलेक्टर ने गंभीरता सुना।
इस दौरान कुछ कर्मचारियों ने अपने गृह जिले में सामना कर रहे मुसीबतों को भी खुलकर पेश कि.या। रायगढ़ जिले के खरसियां निवासी भवानी शंकर राठौर ने बताया कि नगरपालिका खरसिया ने उनके खेत के सामने गोठान निर्माण किया है। जिससे उनके खेत तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। राठौर ने बताया कि वर्तमान में कोटा विकासखण्ड में शिक्षक का कार्य कर रहे हैं।
फेडरेशन ने दिया धन्यवाद
जनदर्शन कार्यक्रम को लेकर फेडरेशन ने कलेक्टर के प्रति आभार जाहिर किया है। कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन का एक प्रतिनिधि मण्डल डॉ. बीपी सोनी की अगुवाई में कलेक्टर से मुलाकात कर गुलदस्ता भेंट किया मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप कर्मचारियों के लिए पृथक जनदर्शन आयोजित कर समस्याएं सुनने के लिए कलेक्टर को बधाई दी। फेडरेशन उम्मीद जाहिर किया कि अन्य जिलों में भी बिलासपुर की तरह कर्मचारियों के लिए अलग से जनदर्शन का आयोजन किया जाएगा।









