CG NEWS:मुख्यमंत्री रेल से सफर करेंगे तो अब कैंसिल नहीं होंगी और राइट टाइम चलेंगी छत्तीसगढ़ की ट्रेनें…. ! नेता प्रतिपक्ष डॉ. महंत ने कसा तंज

CG NEWS:रायपुर ।  “छत्तीसगढ़ वासियों के लिए यह अच्छी खबर है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अब ट्रेन से प्रदेश के विविध क्षेत्रों का दौरा करेंगे। इससे छत्तीसगढ़ में ट्रेन यात्रियों को सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि अब रेल गाड़ियां अचानक कैंसिल नहीं होगी और लेट लतीफी की बजाय समय पर चलेंगी ।” छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के फैसले का स्वागत करते हुए यह तंज कसा है।

डॉ. चरण दास महंत ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह अच्छा फैसला है।इसका स्वागत किया जाना चाहिए । प्रदेश में सरकार किस तरह चल रही है और आम लोग सरकार के बारे में क्या सोचते हैं इसे जानने – समझने के लिए ट्रेन का सफर बहुत ही उपयोगी हो सकता है। ऐसे में मुख्यमंत्री के रेल सफर का लाभ छत्तीसगढ़ को निश्चित रूप से मिलेगा। डॉ. महंत ने आगे कहा कि सबसे पहले तात्कालिक रूप से छत्तीसगढ़ को इसका लाभ मिलेगा कि अब यहां की ट्रेनें कैंसिल नहीं होगी और लेट लतीफी बंद कर रेल गाड़ियां अपने सही समय पर चलाई जाएंगी।

छत्तीसगढ़ में पिछले कोरोना काल के बाद से जिस तरह रोजाना ट्रेन कैंसिल होने की खबरें आती हैं और कोई भी ट्रेन समय पर नहीं चल पाती। ऐसे में ट्रेन से सफर करने वाले छत्तीसगढ़ के लोगों को बेवजह परेशान होना पड़ता है। पिछले काफ़ी समय से रेल्वे के इस रवैये की वज़ह से रेल की व्यवस्था पर से लोगों का भरोसा कम हुआ है।  जिन इलाकों में रेलवे का नेटवर्क है, वहां के लोग यात्रा के लिए रेलगाड़ियों को ही सबसे अधिक सुगम और सुविधाजनक मानते हैं। यहां कई पैसेंजर ट्रेनें लोगों के जनजीवन का हिस्सा है। लेकिन रेल यात्रियों की जरूरत और उनकी भावनाओं की ओर  पिछले कुछ समय से ध्यान नहीं दिया जा रहा है । इस बीच छत्तीसगढ़ के जनप्रतिनिधि भी केन्द्र सरकार और रेल्वे को पत्र लिखकर मांग करते रहे कि थोक में रेलगाड़ियां रद्द करने का प्रचलन बंद होना चाहिए। लेकिन रेल्वे के रुख़ से कभी यह नहीं लगा कि प्रदेश के रेलयात्री उसकी प्राथमिकता में हैं। बल्कि यात्रियों को परेशान करने वाले फ़ैसले लगातार लिए जा रहे हैं।लगता है जैसे रेल्वे ने मान लिया है कि माल लदान का कीर्तिमान बनाने वाले छत्तीसगढ़ के लोग रेलगाड़ियों में सफर ही नहीं करते ।

CG NEWS: साल का कैलेण्डर बदलने से ठीक पहले राजधानी में दोहरा हत्याकांडः चाकू से गोदकर मौत के घाट उतारा

डॉ. महंत ने आगे कहा कि अब यह खुशखबरी आई है कि प्रदेश की सरकार को भी यह ज्ञान प्राप्त हो गया है कि आम आदमी के सफर के लिए ट्रेन ही सुगम माध्यम है। नहीं तो पिछले कुछ समय से ऐसा लग रहा था, जैसे छत्तीसगढ़ में रेल नेटवर्क केवल ढुलाई और ट्रांसपोर्टिंग के लिए है। यह नेटवर्क आम आदमी की सुविधा के लिए नहीं है। लेकिन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अब जाकर आम आदमी के लिए रेलवे की इस जरूरत को महसूस किया और खुद भी रेलगाड़ी के जरिए प्रदेश का दौरा करने का फैसला किया है। डॉ. महंत ने यह भी कहा कि लगता है पिछले कुछ दिनों से हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री के मन में आया कि  रेलगाड़ी से सफर करना सुरक्षित और उचित होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जब खुद रेलगाड़ी में सफर करेंगे तो उन्हें एहसास हो जाएगा कि छत्तीसगढ़ के लोग पिछले काफी समय से किस तरह आनंद की बजाय परेशानियों का सामना करते हुए रेलगाड़ी में सफर कर रहे हैं।

डॉ. महंत ने सुझाव दिया है कि ख़ुद रेल में सफर करने का फैसला करने के बाद मुख्यमंत्री अब केन्द्र सरकार और रेल्वे को भी इस तरह का फैसला करने के लिए कहें- जिससे छत्तीसगढ़ की रेलगाड़ियों को समय – बेसमय रद्द ना किया जाए और सभी ट्रेनें अपने सही समय पर चलें।

 

Related Articles