सरपंच,उप सरपंच की दादागिरी..अवैध कब्जा खाली कराया…फिर दोनो ने किया कब्जा…पूर्व सरपंच को घर में घुसकर हड़काया..जान से मारने की दी धमकी

पंचायत की जमीन और गौठान पर अवैध कब्जा और निर्माण

बिलासपुर—बिल्हा ब्लाक के बसिया स्थित पंचायत और गौठान की जमीन पर सरपंच और उप सरपंच ने बंदरबांट कर कब्जा कर लिया है। मामले का विरोध करने पर दोनो ने एकजुटता दिखाते हुए पूर्व सरपंच के घर में घुसकर तोड़फोड़ किया है। मारपीट के अलावा जान से मारने की धमकी भी दिया है। थाने में शिकायत के बाद बहरहाल पुलिस की कोई कार्रवाई नहीं हुई है। लेकिन सरपंच और उप सरपंच की दादागिरी से ग्रामीणों में भयंकर आक्रोश है।

 मामला बसिसा ग्राम पंचायत से है। स्थानीय लोगों समेत गणमान्य लोगों ने बताया कि पंचायत और गौठान की जमीन पर गांव के ही लोग घर बनाकर निवास कर रहे थे। वर्तमान सरपंच और उप सरपंच ने अवैध कब्जाधारियों को बताया कि पंचायत और गौठान की जमीन पर शासन के आदेश पर जनहित के लिए निर्माण कार्य किया जाएगा। दोनो ने ग्रामीणों के विरोध के बावजूद जमीन पर किए गए निर्माण को जमीदोज कर दिया। इसके बाद एक छोटे से भाग पर पानी टंकी का निर्माण किया।

ग्रामीणों ने बताया कि इसके बाद सरपंच और उपसरपंच ने मिलकर खाली कराए गए पंचायत और गौठान की जमीन पर कब्जा कर अपना मकान बनाना शुरू कर दिया। मामले को लेकर ग्रामीणों के साथ पूर्व सरपंच ने विरोध किया। ग्रामीणों के अनुसार हम लोग अवैध कब्जा के खिलाफ हैं। इसलिए पुराने निर्माण को हटाते समय किसी प्रकार का विरोध नहीं किया। बेघर किये गए गरीब लोगों का साथ भी नहीं दिया। लेकिन वर्तमान सरपंच और उप सरपंच ने अवैध कब्जाधारियों को विस्थापित कर खाली जमीन पर कब्जा कर लिया है। इतना ही नहीं दोनो ने निर्माण भी कर लिया है।

CG Election News 2025: मतदान दलों को दिया गया प्रथम चरण का प्रशिक्षण, कलेक्टर ने किया निरीक्षण

नाराज बसिया के ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व सरपंच ने जब अवैध कब्जा का विरोध किया तो दोनो ने एकजूट होकर गाली गलौच किया। घर में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट किया। इतना ही नहीं सरपंच और उप सरपंच ने पूर्व सरपंच को जान से मारने की धमकी दी। मामले को लेकर थाना सिरगिट्टी में अपराध भी दर्ज है। बावजूद इसके पुलिस की तरफ से अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार पंचायत और गौठान की जमीन लाखों रूपयों की है। सामान्य निस्तार के लिए जरूरी भी है। लेकिन बेलगाम सरपंच और उप सरपंच ने सचिव के इशारे पर जमीन को अवैध तरीके से हथिया लिया है। जो इसका विरोध करता है उसे झूठे अपराध में फंसाने की धमकी देता है। दोनो पुलिस से पहचान होने की धमकी भी देते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि हमने कलेक्टर को आवेदन देकर अवैध कब्जे को हटाने की मांग की है। साथ ही सरपंच और उपसरपंच समेत सचिव के खिलाफ पंचायत में किये गए करोड़ों के भ्रष्टाचार मामले में जांच की मांग की है।

ग्रामीणों ने कहा कि सरपंच और उपसरपंच ने् मिलकर अधिकारियों से मिलकर करोड़ों का भ्रष्टाचार किया है। कई बार शिकायत के बाद भी दोनो बचकर निकल जाते हैं। अधिकारियों से सरंक्षण होने के कारण दोनो के हौसले बुलन्द है। और अब पंचायत की निस्तारी जमीन पर कब्जा कर निर्माण करना शुरू कर दिया। दोनो के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है। यदि हमारी बातों को गंभीरता से नहीं लिया गया तो हम कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेंगे।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।वर्तमान में CGWALL में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।

Related Articles