खाद्य सुरक्षा टीम की कार्रवाई, त्यौहारी सीजन पर राजगढ़ में 7 नमूने लिए, 30 किलो दूषित मावा नष्ट करवाया

चूरू। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा टीम ने जिले में ‘शुद्ध आहार— मिलावट पर वार— अभियान के तहत त्यौहारी सीजन पर जिले के राजगढ़ में कार्रवाई करते हुए शनिवार को 07 नमूने लिए तथा 30 किलो दूषित मावा नष्ट करवाया।  

सीएमएचओ डॉ मनोज शर्मा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी मदन बाजिया व रतनसिंह गोदारा की टीम ने राजगढ़ में ज्वाला स्वीट्स व ज्यूस से मावा, कान्हा स्वीट्स से मोतीचूर लड्डू व खोया पेड़ा, इन्द्रा एंटरप्राइजेज से दूध व घी तथा दुर्गा मावा मिष्ठान व पारीक मावा भंडार से एक-एक नमूना खोया का लिया। इसी के साथ 30 किलो दूषित मावा नष्ट करवाया गया।

इसी क्रम में टीम ने शुक्रवार को चूरू शहर में सारण डेयरी फार्म से दूध, घी व दही के नमूने, बीकानेर मावा मिष्ठान भंडार, ख्यालीराम मिष्ठान भंडार व कंदोई मावा भंडार तथा बाबूलाल भूरामल से मावा का एक-एक नमूना लिया तथा व्यापारियों को शुद्ध खाद्य सामग्री बेचने के लिए पाबंद किया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी मदन बाजिया ने बताया कि नमूनों को प्रयोगशाला जयपुर में जांच के लिए भिजवाया गया है।

जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

पूर्व मुख्यमंत्री स्व. पटवा का संपूर्ण जीवन जनसेवा और उच्च आदर्शों को समर्पित रहा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

Shri Mi

पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर

Related Articles