कलेक्टर ने दिया आदेश…निगम ने चलाया अतिक्रमण पर बुलडोजर….कम्पोजिट बिल्डिंग की एक गली को किया साफ
बिलासपुर—निगम प्रशासन ने कम्पोजिट बिल्डिंग के पास अतिक्रमण कर बैठे लोगों के निर्माण पर बुलडोजर चलाकर साफ कर दिया है। कार्रवाई करीब साढे दस बजे के बाद शुरू हुई है। जानकारी देते चलें कि दो सप्ताह पहले कलेक्टर अवनीश शरण ने कम्पोजिट बिल्डिंग का भ्रमण किया था। रजिस्ट्री और आबकारी विभाग के सामने अतिक्रमण कर बनाए गए निर्माण को हटाने का आदेश दिया था। इस दौरान कलेक्टर ने चौकी बनाकर लोगों को जगह दिए जाने की भी बात कही थी। बहरहाल जेसीबी के चलने से लोगों मैें जमकर हड़कम्प है।
बताते चलें कि पिछले एक दशक से कम्पोजिट बिल्डिंग के आस पास लोगों ने अतिक्रमण कर अवैध तरीके से कब्जा किया है। मामले में लगातार शिकायत मिल रही थी। काम काज पर आने वाले लोगों को भी अवैध निर्माण के चलते काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। दो सप्ताह पहले शनिवार को रिमझिम बारिश के बीच कलेक्टर ने निगम आयुक्त और अन्य स्टाफ का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होने अधिकारियों के साथ कम्पोजिट बिल्डिंग का भ्रमण किया। साफ सफाई और अन्य व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी जाहिर किया था।
कलेक्टर ने इस दौरान आबकारी और रजिस्ट्री विभाग के सामने खाली मैदान मे बनाए गए अतिक्रमण को भी संज्ञान में लिया। कलेक्टर ने मौके पर ही निगम आयुक्त को सभी अतिक्रमण को हटाए जाने का आदेश दिया। साथ ही दुकानदारों को एक निश्चित स्थान पर चौकी बनाकर शिफ्ट किए जाने का निर्देश भी दिया।
जानकारी के अनुसार विस्थापित निर्माण कार्य पूरा होने के बाद आज सुबह करीब साढ़े दस बजे के आसपास निगम अमला जेसीबी के साथ मौके पर पहुंचा। सारे अवैध निर्माण को जमीदोज कर दिया। निगम कार्रवाई से लोगों में जमकर हलचल है। यद्यपि इस दौरान कई लोगों ने तोड़फोड़ का विरोध भी किया। बावजूद इसके निगम की कार्रवाई जारी रही।
कलेक्टर ने आदेश दिया है कि यदि खाली कराए गए स्थान पर किसी प्रकार का अवैध निर्माण किया जाना पाया गया तो सख्त कार्रवाई होगी। इसके अलावा पीछे से सहयोग देने वाले किसी भी कर्मचारी को भी नहीं छोड़ा जाएगा।
बताते चलें कि करीब तीन साल पहले शासन के प्रमुख सचिव आरपी मण्डल ने भी बिलासपुर प्रवास के दौरान अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया था। लेकिन दो दिन की कार्रवाई के बाद मामला दब गया। इसके बाद पुराने अतिक्रमण के अलावा खाली जगह पर नए लोगों ने भी कब्जा कर लिया।
जानकारी हो कि कलेक्टर के कम्पोजिट भ्रमण के करीब एक सप्ताह बाद पंजीयन कार्यालय में ताला तोड़े जाने का मामला सामने आया। इस के बाद कलेक्टर ने निगम आयुक्त को क्षेत्र को जल्द से जल्द अतिक्रमण मुक्त किए जाने का आदेश दिया। आदेश को गंभीरता से लेते हुए आज निगम की अतिक्रमण हटाओ टीम मौके पर पहुंचकर तोड़तोड़ अभियान शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि जल्द ही कम्पोजिट बिल्डिंग की दूसरी गली में बनाए गए अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।









