सनसनीखेज खुलासा: इंस्टाग्राम पर बना रिश्ता बना मौत का कारण, पत्नी और प्रेमी ने फिल्मी अंदाज में की फल विक्रेता की हत्या

बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक फल विक्रेता की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस जघन्य वारदात के मामले में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। दोनों ने मिलकर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया, जिसकी कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है।

इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती और प्यार, जब पति को अपनी पत्नी की बेवफाई का शक हुआ और घर में कलह बढ़ने लगी, तो पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति को मौत के घाट उतारने की खौफनाक साजिश रच डाली।

यह खौफनाक कहानी 25 अक्टूबर की है, जब ग्राम वटगन में फल विक्रेता अमृत गिरी की उसके ही घर में हत्या कर दी गई थी। मृतक खून से लथपथ अवस्था में सोफे पर पड़ा मिला था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुरुआती जांच में यह मामला रहस्यमयी लग रहा था।

लेकिन जब पुलिस ने मृतक की पत्नी चंद्रिका गिरी से गहराई से पूछताछ की, तो वह गोलमोल जवाब देने लगी।

शक होने पर जब उससे सख्ती से पूछताछ हुई, तो उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने का जुर्म कबूल लिया। हत्या के दिन आरोपी पत्नी ने अपने प्रेमी को चेन्नई से रायपुर बुलाया और खुद उसे रायपुर लेने गई। देर शाम वे अपने गांव वटगन पहुंचे, जहां पत्नी ने अपने आशिक को छत पर छुपा दिया और अपने बच्चों को लेकर पास के गांव लेटरा में आर्केस्ट्रा देखने चली गई।

प्लान के मुताबिक, जैसे ही देर रात हुई, आरोपी आशिक ने घर पर सो रहे अपनी प्रेमिका के पति पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद वह रातोंरात चेन्नई के लिए निकल गया।

आरोपियों ने सोचा था कि पुलिस चेन्नई में उसे कहां ढूंढ पाएगी, लेकिन कहते हैं कानून के हाथ लंबे होते हैं। साइबर सेल ने मोबाइल के सारे डिटेल्स खंगाले और आरोपी आशिक तक पहुंच गए।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि चंद्रिका गिरी का इंस्टाग्राम के जरिए बिहार निवासी टुन्ना कुमार शर्मा से प्रेम संबंध था। टुन्ना चेन्नई में काम करता था। दोनों ने मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी। जिस दिन नाचा कार्यक्रम था और पत्नी घर से बाहर थी, उसी दिन टुन्ना ने मौका पाकर अमृत गिरी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी और चेन्नई भाग गया। हत्या के पीछे अवैध संबंध ही मुख्य कारण था।

पुलिस ने आरोपी टुन्ना कुमार को चेन्नई से हिरासत में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है। एक तरफ सोशल मीडिया पर बना रिश्ता और दूसरी तरफ खून से लथपथ हकीकत – इस वारदात ने रिश्तों की एक खौफनाक सच्चाई सामने ला दी है।

Shri Mi

पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर

Related Articles