
नगर निगम चुनावः1-परिसीमन के बाद दिग्गजों का बिगड़ा समीकरण…कुछ छिपकर..कुछ खुलकर मांग रहे पार्षद टिकट..पढ़ें..1 से 12 वार्डों के दावेदारों का नाम
परिसीमन के बाद निगम का पहला चुनाव...कुछ छिपकर..कुछ खुलकर बता रहे नाम
बिलासपुर— पिछली बार विस्तार के बाद नगर निगम का क्षेत्र 18 पंचायत समेत दो नगर पंचायत और एक नगर पालिक तक फैल गया। चुनाव इतना जल्दी हुआ कि जनसंख्या समायोजन की स्थिति नहीं बनी। जनसंख्या के लिहाज से असमान वार्डों के लिए निगम पार्षद का चुनाव हुआ। पांच साल बाद निगम चुनाव के कुछ महीने पहले सरकार ने जनसंख्या समायोजन को केन्द्र रखकर निगम परिसीमन का फरमान जारी किया। दावा आपत्ती का भी खेल चला। असमान जनसंख्या की पिछली शिकायत को काफी हद तक दूर करते हुए शासन ने निगम के 70 वार्ड का सीमा निर्धारित किया। लेकिन चुनाव लड़ने वालों की माने तो इस बार नई प्रकार की समस्या सामने आ गयी है। शासन के इशारे पर वार्डों का परिसीमन का कुछ इस तरह से किया गया है कि सत्ता पक्ष को लाभ मिले। इतना ही नहीं कई वार्डों का बंटवारा ऐसा किया गया है कि कई तुर्रम खान निर्बीज होते दिखाई दे रहेह ै। और यदि नहीं भी हुए तो संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता कि चुनाव के बाद हो जाएंगे। खासकर ऐसी स्थिति सत्ता पक्ष के पार्षदों के साथ ज्यादा होते दिखाई दे रही है।
बहरहाल सीजी वाल की टीम ने आरक्षण के बाद सत्तर वार्ड वाले बड़े नगर निगम बिलासपुर के मतदाताओं का दिल टटोलने का प्रयास किया। इस दौरान कई लोगों ने दावेदारी की इच्छा जाहिर की है। दावेदारों में ना केवल भाजपा या कांग्रेस के कार्यकर्ता नेता शामिल है। कुछ ऐसे भी चेहरे हैं जिन्होने पार्टी से टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय होकर चुनाव लड़ने का मन बना लिया है। सीजी वाल की टीम ने कुछ ऐसे नाम को सामने लाने का प्रयास किया है…जिनकी दावेदारी महत्व रखती है। साथ ही दावेदारों में से ज्यादातर लोगों के टिकट पर मुहर लग जाए..तो आश्चर्य की बात नहीं होगी।
वार्ड क्रमांक 1 से तीन के दावेदार
नगर निगम का सीमा क्षेत्र का पहला वार्ड का नाम बजरंग नगर पूर्व सकरी नगर पंचायत क्षेत्र में आता है। वार्ड को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किया गया है। वार्ड के प्रमुख दावेदारों में भाजपा से पूर्व नगर पालिका प्रतिनिधि दरश पनिकाा, पूर्व पार्षद प्रमोद कुर्रे ,भाजपा संगठन कार्यकर्ता राजेश बंजारे है। क्षेत्रवासियों की माने तो पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष रवि मेहर पेशे से वकील हैं। उन्होने पद पर रहते हुए क्षेत्र के लिए प्रभावी काम किया है। इसके अलावा कांग्रेस के वर्तमान पार्षद अमित भारते का पार्टी से बड़े दावेदार हैं। लेकिन जनता का मानना है कि नया उम्मीदवार भी हो सकता है।क्योंकि कांग्रेस ने यहां चेहरा बदलने का मन बनाया है।
सकरी क्षेत्र स्थित निगम के नम्बर दो वार्ड का नाम अब्दुल कलाम नगर है। यह वार्ड भी अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। यहां से भाजपा के वर्तमान पार्षद दिलीप कोरी, भाजपा सदस्य मनोज सोनकर के अलावा भाजपा सदस्य जितेन्द्र सूर्यवंशी है। तीन चेहरों में से एक ने तो टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय लड़ने का मन बनाया है। कांग्रेस से शत्रुघन मेहर, श्रवण सूर्यवंशी सुशांत कोरी में कोई चुनाव लड़ सकता है।
सकरी क्षेत्र स्थित वार्ड क्रमांक तीन का नाम सांई नगर है। अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित शहर से लगा यह वार्ड तेजी से विकास भी कर रहा है। यहां से राजेश टण्डन और महेश जांगड़े के परिवार से कोई महिला दावेदारी कर सकती है। यद्यपि इसमें एक नाम जमीन कारोबार से जुड़ा विवादास्पद भी है। कान्ग्रेस पार्षद सुरेश टण्डन अपने परिवार की महिला सदस्य के लिए टिकट मांग रहे हैं।
वार्ड क्रमांक 4 और पांच के दावेदार
सकरी तहसील स्थित वार्ड क्रमांक चार गोकुल नगर अनसूचित जाति के लिए आरक्षित है। वर्तमान पार्षद कुसुमलता के पति पन्ना महाबली कोशले भाजपा से दावेदार हैं। राजेश सूर्यवंशी और पुराना सरपंच शुभचन्द डहरिया भी दावेदारी कर रहे हैं। तीनो का जमीन प्लाटिंग का कामकाज है। इसके अलावा कांग्रेस से घुरू का पुराना सरपंच राजकपूर सूर्यवंशी, डिकेश डहरिया और रामायण सूर्यवंशी टिकट मांग रहे हैं।
वार्ड क्रमांक 5 को खूबचन्द बघेल नगर कहा जाता है। यह वार्ड अनारक्षित है। वर्तमान पार्षद गायत्री साहू ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू की पत्नी है। यदि गायत्री ने टिकट से इंकार किया तो कांग्रेस ने लक्ष्मीनाथ साहू को टिकट मिलना निश्चित है। लक्ष्मीनाथ के अलावा यहां रमाकान्त साहू, पवन कश्यप भी टिकट मांग रहे हैं। भाजपा से ईश्वर साहू, कमल यादव,दिनेश साहू और संदीप यादव ने जोर लगाया है।
वार्ड क्रमांक 6,7 और 8 के दावेदार
वार्ड क्रमांक 6 यदुनन्दन नगर सामान्य वर्ग की महिला के लिए आरक्षित है। कांग्रेस से पूर्व पार्षद संतोषी यादव प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं। एल्डरमैन सुधा गोपाल सिंह, ज्योति सुरेन्द्र यादव, भी कांग्रस से टिकट दावेदार हैं। भाजपा से सीमा संजय सिंह की दावेदारी है। वार्ड क्रमांक सात कालिका नगर अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। भाजपा से वर्तमान पार्षद अनिता वर्मा के अलावा पति श्याम भी प्रमुख दावेदार हैं। इसके अलावा दावेदारों में त्रिलोकी वर्मा,युकेश वर्मा और जितेन्द्र का नाम प्रमुख है। कांग्रेस से टिकट दावेदारों में मनोज पाटकर, प्रताव वर्मा और रहस सूर्यवंशी का नाम है। कुछ चेहरे निर्दलीय भी हैं।
वार्ड क्रमांक आठ को चित्रकांत जायसवाल नगर कहा जाता है। यह वार्ड अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित है। कांग्रेस दावेदारों में इन्दू सत्यनारायण सर्वे, रामकुमर मनहर, संतराम कोशले अपनी पत्नी कि लिए दावेदारी कर रहे हैं। श्यामलाल बंजारे अपनी पत्नी के लिए भाजपा से टिकट मांग रहे हैं।
वार्ड क्रमांक 9 और 10 के दावेदार
वार्ड क्रमांक 9 यातायात नगर अनारक्षित है। कांग्रेस से चर्चित चेहरा मनहरण कौशिक, दीपक कौशिक और महेन्द्र कौशिक का नाम प्रमुख दावेदारों में शामिल है। इसके अलावा भाजपा के वर्तमान पार्षद दुर्गेश कौशिक फिलहाल चुनाव लड़ रहे हैं। इसी तरह वार्ड क्रमांक 10 गुरूगोविन्द सिंह नगर वर्तमान कांग्रेस पार्षद पुष्पेन्द्र साहू टिकट के दावेदार हैं। यहां से सतनाम सिंह खनूजा और पूजा खनूजा की भी प्रबल दावेदारी है। इसके अलावा भाजपा से पिछली बार मैदान में उतरे भृगु अवस्थी, दुर्गेश यादव, धर्मेन्द्र यादव, प्रभा विश्वकर्मा,की दावेदारी प्रमुख है। भाजपा संगठन में अच्छा नाम और वजन रखने वाले मनोज दुबे यद्यपि टिकट की दावेदारी नहीं कर रहे हैं। लेकिन संगठन ने चाहा तो चुनाव मैदान में लड़ते हुए नजर आ सकते हैं।
वार्ड क्रमांक 11 और 12 के दावेदार
वार्ड क्रमांक 11 अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित है। संतकबीर दास नगर से वर्तमान कांग्रेस पार्षद रवि साहू, रामू राव, रामायण रजक अपनी पत्नी की दावेदारी कर रहे हैं। परजाना बेग और एसवी झांसी राव भी कांग्रेस से टिकट मांग रही हैं। इसके अलावा सतनाम सिंह खनूजा की पत्नी पूजा सतनाम खनूजा भी टिकट की प्रबल दावेदार हैं। भाजपा से पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष केशरी इंगोले प्रबल दावेदार हैं। इसके अलावा भाजपा से ही राजाराम प्रजापति और बलराम देवांगन भी अपनी पत्नी के लिए टिकट मांग रहे हैं।
वार्ड क्रमांक 12 मतलब बूढ़ा देव नगर अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है। कांग्रेस के वर्तमान पार्षद सूरज मरकाम की दावेदारी यथावत है। इसके अलावा लक्ष्मण ध्रुव, नागेश ध्रुव भी कांग्रेस से टिकट की दावेदारी करेंगे।