Insta Reels-सोशल मीडिया की रील बनी जान की दुश्मन? रील बनाने को लेकर विवाद के बाद पत्नी ने की खुदकुशी, 5 दिनों में सुसाइड के 3 मामले

Insta Reels/दुर्ग /छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पिछले कुछ दिनों में आत्महत्या की बढ़ती घटनाओं ने समाज और प्रशासन के सामने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पिछले महज पांच दिनों के भीतर तीन लोगों ने आत्मघाती कदम उठाते हुए मौत को गले लगा लिया।
इन घटनाओं में सबसे चौंकाने वाला मामला छावनी थाना क्षेत्र का है, जहां एक महिला ने इंस्टाग्राम पर रील बनाने को लेकर पति से हुए विवाद के बाद अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। यह घटना न केवल घरेलू कलह बल्कि डिजिटल दौर में उभरते नए सामाजिक तनावों की ओर भी इशारा कर रही है।
जानकारी के अनुसार, भिलाई निवासी 35 वर्षीय अंजली साव सोशल मीडिया, विशेषकर इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय थीं और अक्सर अपने डांस वीडियो और रील शेयर करती थीं। हालांकि, उनके पति पप्पू साव, जो पेशे से मजदूर हैं, को अपनी पत्नी का इस तरह सोशल मीडिया पर सक्रिय रहना और वीडियो बनाना पसंद नहीं था।
इसी बात को लेकर दंपती के बीच आए दिन तीखी बहस और झगड़ा होता था।
30 जनवरी की शाम, जब बच्चे ट्यूशन गए हुए थे, अंजली ने घर पर ही फांसी लगाकर जान दे दी। जब बच्चे घर लौटे तो अपनी मां को फंदे से लटकता देख उनकी चीख निकल गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि अंजली मोहल्ले में अपने वीडियो को लेकर काफी चर्चित थीं और उन्होंने अपनी आखिरी रील 26 जनवरी को पोस्ट की थी।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि उन्होंने दिसंबर में भी खुदकुशी की कोशिश की थी, लेकिन तब समय रहते उपचार मिलने से उनकी जान बच गई थी।
दुर्ग जिले में सुसाइड की यह अकेली घटना नहीं है।
इसी छावनी थाना क्षेत्र के कैंप-1 श्याम नगर में रहने वाली 27 वर्षीय युवती नीतू कोरी ने भी 31 जनवरी की रात अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। नीतू अपने दो भाइयों के साथ रहती थी। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे मौत के कारणों पर रहस्य बना हुआ है। पुलिस अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
वहीं, तीसरा मामला जामुल थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां 28 जनवरी को एक निजी कॉलेज में सीनियर ग्राफिक्स डिजाइनर के पद पर कार्यरत भोज नारायण (36) ने खुदकुशी कर ली।
पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया है कि भोज नारायण का अपनी पत्नी के साथ एक अन्य महिला से प्रेम संबंधों को लेकर गहरा विवाद चल रहा था। भोज का एक शादीशुदा महिला के साथ अफेयर था, जिसका उसकी पत्नी पुरजोर विरोध करती थी। इसी घरेलू कलह और मानसिक प्रताड़ना के बीच भोज ने घर में अकेले होने पर फांसी लगा ली। पुलिस ने इन तीनों ही मामलों में मर्ग कायम कर लिया है।







