India News

CO का हाई वोल्टेज ड्रामा: प्रेमिका के साथ सरकारी आवास में पत्नी ने रंगे हाथों पकड़ा, हंगामा और छत से कूदे CO, प्रेमिका हिरासत में

गढ़वा/ झारखंड के गढ़वा जिले के मझिआंव अंचल में उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब अंचल के अंचलाधिकारी (CO) प्रमोद कुमार को उनकी पत्नी श्यामा रानी ने अपनी प्रेमिका के साथ सरकारी आवास में रंगे हाथों पकड़ लिया। गुस्साई पत्नी ने पति और उनकी प्रेमिका को एक कमरे में बंद कर दिया, जिसके बाद सीओ प्रमोद कुमार को छत से कूदकर बाहर निकलना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, सीओ प्रमोद कुमार अपनी प्रेमिका के साथ सरकारी आवास में समय बिता रहे थे, तभी इसकी भनक उनकी पत्नी श्यामा रानी को लग गई। श्यामा रानी ने बिना देर किए सरकारी आवास पहुंचकर दीवार फांद कर घर में प्रवेश किया और पति को प्रेमिका के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया।

इसके बाद उन्होंने सभी दरवाजों को बंद कर सीओ को बाहर निकलने से रोक दिया और घर में जमकर हंगामा हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के बड़े अधिकारी भी मौके पर पहुंचे, लेकिन सीओ की पत्नी के गुस्से और हंगामा के सामने कोई भी अधिकारी कुछ नहीं कर पाया।

हंगामे के बीच सीओ प्रमोद कुमार अपनी जान बचाने के लिए छत से कूदकर बाहर निकले और खुद भी हंगामा करने लगे।

घटना के दौरान मझिआंव पुलिस ने सीओ की प्रेमिका को हिरासत में ले लिया और उसे महिला थाना को सुपुर्द कर दिया। श्यामा रानी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्हें पहले से अपने पति पर शक था, लेकिन आज उन्हें रंगे हाथों पकड़ने के बाद उन्होंने कानून का सहारा लेने का निर्णय लिया है।

सीओ के ससुर, जो कि एक पूर्व सांसद भी हैं, ने इस घटना पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें इंसाफ चाहिए और प्रमोद कुमार को इस तरह का काम नहीं करना चाहिए था। वहीं, परिवार के अन्य सदस्यों ने इस मामले को मियां-बीवी के बीच का विवाद बताया। उन्होंने कहा कि प्रेमिका को पुलिस के हवाले कर दिया गया है और अब वे कानूनी प्रक्रिया का पालन करेंगे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल यह मामला पारिवारिक विवाद का है। अभी तक कोई आधिकारिक आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

Shri Mi

पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
Back to top button
CG ki Baat