जल जीवन मिशन में लापरवाही पर 08 ठेकेदारों के अनुबंध निरस्त

मुंगेली। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के तहत जिले में चल रहे निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले 08 ठेकेदारों पर बड़ी कार्रवाई की गई है।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने इन फर्मों के अनुबंध निरस्त करने और उन्हें ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि जनहितकारी योजनाओं और गतिविधियों में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री कुन्दन राना ने बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले में विभिन्न निर्माण कार्य जारी हैं, कई ठेकेदार काम में रुचि नहीं दिखा रहे थे और कुछ अत्यंत धीमी गति से कार्य कर रहे थे।
स्थिति को देखते हुए पहले सभी को नोटिस और चेतावनी जारी की गई थी।
नोटिस मिलने के बाद कुछ ठेकेदारों ने सुधार किया, लेकिन कुछ ठेकेदारों द्वारा कार्य में गंभीरता नहीं दिखाई गई।
उक्त फर्मो द्वारा लगातार उदासीनता एवं धीमी प्रगति पर सख्ती दिखाते हुए कलेक्टर के निर्देशानुसार अनुबंध निरस्तीकरण और ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जा रही है।







