
Bilaspur News
CG NEWS:प्रतिभा सम्मान तथा काव्यांजलि पुस्तक का विमोचन
CG NEWS:बिलासपुर।इस तरह से प्रतिभाओं के सम्मान से उन्हें आगे बढ़ने का मौका मिलता है।यह विचार थावे विद्यापीठ के कुलपति डॉ. विनय कुमार पाठक ने अतिविशिष्ट अतिथि की आसंदी से व्यक्त किया।
ओंकारेश्वर महादेव मंदिर प्रशासन सागा ले आउट शुभम् विहार बिलासपुर के प्रमुख तथा लोक संचेतना फाउंडेशन ट्रस्ट भारत के छत्तीसगढ़ राज्य के प्रांतीय अध्यक्ष, सेवा निवृत्त आई.एस.एस. रमेशचंद्र श्रीवास्तव की अध्यक्षता में तथा पद्मश्री रामलाल बरेठ के मुख्य आतिथ्य एवं अति विशिष्ट अतिथि डॉ.विनय कुमार पाठक, न्यायमूर्ति चंद्रभूषण बाजपेयी, बेलतरा के पूर्व विधायक रजनीश सिंह वरिष्ठ कवि एवं साहित्यकार डॉ. विजय सिन्हा,अशोक तिवारी, दारा सिंह राजपूत गुड्डा कश्यप और शैलेन्द्र सिंह कछवाहा की उपस्थिति में काव्यांजलि पुस्तक का विमोचन तथा सागा ले आउट शुभम् विहार प्रतिभा सम्मान दिया गया।
76वें गणतंत्र दिवस के पावन पर्व पर यह सम्मान शिक्षा, कला,साहित्य नृत्य,संगीत और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सर्वश्री शैलेन्द्र सिंह कछवाहा,भूपेंद्र श्रीवास्तव,नीलेश सिंह गजेन्द्र श्रीवास्तव और गोपाल यादव सहित छात्रों में कु.लिली शर्मा,कु.आर्ना तिवारी,अभय पाण्डेय,कु.आराध्या शर्मा,आर्यांश तिवारी,कु.आस्था कश्यप,कु.आव्या सिंह,कु.सहजप्रीत कौर और मेहप्रीत कौर को सम्मानित किया गया।
पद्मश्री पंडित रामलाल बरेठ ने कहा कि यह सम्मान व्यक्तियों और बच्चों के अथक साधना का परिणाम है। थावे विद्यापीठ के कुलपति और छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. विनय कुमार पाठक ने कहा कि इस तरह के सम्मान से जहां एक ओर प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होता है वहीं दूसरी ओर समाज और देश को भी प्रकारांतर से इसका लाभ मिलता है। पूर्व न्यायमूर्ति चंद्रभूषण बाजपेई ने कहा कि इस कार्यक्रम के अध्यक्ष रमेश चंद्र श्रीवास्तव बधाई के पात्र हैं जिनके अथक प्रयास से चयनित प्रतिभाओं का सम्मान किया जा है। बेलतरा के पूर्व विधायक रजनीश सिंह ने कहा कि यही प्रतिभाएं भविष्य में राष्ट्र निर्माण और विकास का नेतृत्व करेंगी। प्रतिभा और विमोचन समारोह की अध्यक्षता पूर्व आई.एस.एस.रमेश चंद्र श्रीवास्तव ने की।