Petrol Pump Dry- छत्तीसगढ़ में पेट्रोल व डीजल का पर्याप्त स्टॉक..मुख्यमंत्री साय ने बताया – न हों परेशान, पर्याप्त स्टॉक के साथ सप्लाई जारी
श्री साय ने कहा कि केवल आवश्यकता अनुसार ही ईंधन लें और किसी भी भ्रामक सूचना से दूर रहें। आपकी सजगता, संयम और सहयोग से छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश की ईंधन व्यवस्था निरंतर सुचारू बनी रहेगी। आइए, हम सभी मिलकर जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें। संयम, सहयोग और सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्रहित में अपना योगदान सुनिश्चित करें।

Petrol Pump Dry/रायपुर/छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। प्रदेशवासियों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। प्रदेश के सभी ऑयल डिपो में नियमित रूप से ईंधन की आपूर्ति हो रही है और वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा रही है।
प्रदेश सरकार एवं ऑयल कंपनियां पूर्ण समन्वय के साथ स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। वैश्विक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए भी भारत सरकार ने प्रभावी तैयारियां सुनिश्चित की हैं। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने देशवासियों से अपील की है कि वे अनावश्यक खरीदारी एवं संग्रहण से बचें तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। मैं प्रदेशवासियों से भी आग्रह करता हूं कि संयम, जागरूकता और जिम्मेदारी का परिचय दें।
श्री साय ने कहा कि केवल आवश्यकता अनुसार ही ईंधन लें और किसी भी भ्रामक सूचना से दूर रहें। आपकी सजगता, संयम और सहयोग से छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश की ईंधन व्यवस्था निरंतर सुचारू बनी रहेगी। आइए, हम सभी मिलकर जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें। संयम, सहयोग और सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्रहित में अपना योगदान सुनिश्चित करें।
इधर खाद्य सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले द्वारा स्पष्ट किया गया है कि प्रदेश के ऑयल डिपो को नियमित रूप से आवश्यकतानुसार पेट्रोल व डीजल की आपूर्ति हो रही है तथा वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
छत्तीसगढ़ में पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। प्रदेशवासियों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
प्रदेश के सभी ऑयल डिपो में नियमित रूप से ईंधन की आपूर्ति हो रही है और वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। प्रदेश सरकार एवं ऑयल कंपनियां…
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) May 14, 2026
खाद्य सचिव ने जानकारी दी कि प्रदेश में वर्तमान में कुल 2516 पेट्रोल/डीजल पंप संचालित हैं। राज्य में पेट्रोल का 45,474 किलोलीटर तथा डीजल का 84,654 किलोलीटर स्टॉक उपलब्ध है। वहीं पेट्रोल की दैनिक आवश्यकता 3,635 किलोलीटर तथा डीजल की दैनिक आवश्यकता 5,873 किलोलीटर है। आज प्रदेश के विभिन्न ऑयल डिपो में 6,551 किलोलीटर पेट्रोल तथा 4,760 किलोलीटर डीजल प्राप्त हुआ है।
उन्होंने बताया कि रायपुर शहर में कुल 326 पेट्रोल/डीजल पंप हैं, जिनमें से 35 पंप अस्थायी रूप से ड्राई आउट हैं। इसी प्रकार बिलासपुर शहर में कुल 156 पेट्रोल/डीजल पंप हैं, जिनमें से 13 पंप ड्राई आउट हैं। इन सभी ड्राई आउट पंपों को यथाशीघ्र स्टॉक उपलब्ध कराने के लिए ऑयल कंपनियों के डिपो से लगातार आपूर्ति की जा रही है। विगत दो दिनों में कुछ पेट्रोल/डीजल पंपों के ड्राई आउट होने के कारण अफवाह एवं घबराहट की स्थिति बनी, जिससे आम लोगों द्वारा पेट्रोल एवं डीजल की खपत में अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज की गई। मांग में अचानक हुई इस वृद्धि के कारण कुछ स्थानों पर कृत्रिम अभाव की स्थिति निर्मित हुई।
खाद्य सचिव ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने आम उपभोक्ताओं से अनुरोध किया कि वे किसी भी भ्रम अथवा अफवाह से प्रभावित होकर पैनिक खरीदी अथवा ईंधन का अनावश्यक संग्रहण न करें। शासन एवं ऑयल कंपनियां समन्वय के साथ लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और सभी पेट्रोल पंपों पर नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।









