CG News: रतनपुर लूट कांड का फिल्मी खुलासा, ढाई लाख को ढाई करोड़ बनाने का झांसा देने वाला तांत्रिक ही निकला लुटेरों का शिकार
बिलासपुर के रतनपुर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर हुई कार और नकदी लूट की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में जो खुलासा हुआ है, वह किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। पुलिस की जांच में सामने आया कि यह महज लूटपाट की वारदात नहीं थी, बल्कि एक ठगी का शिकार हुए युवकों द्वारा लिया गया 'बदला' था।

CG News।रतनपुर।रतनपुर के पास नेशनल हाईवे पर 31 जनवरी की रात हुई सनसनीखेज लूट के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस व्यक्ति ने लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, वह असल में एक तांत्रिक है जिसने आरोपियों को करोड़ों रुपये का लालच देकर ठगा था।
ठगी से आक्रोशित युवकों ने तांत्रिक को सबक सिखाने के लिए उसकी कार, नकदी और मोबाइल लूट लिए थे। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अब तांत्रिक के खिलाफ भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया जा रहा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह ने बताया कि मामले की जड़ें एक अंधविश्वास और लालच से जुड़ी ठगी में हैं।
गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस के सामने कबूल किया कि दीपका (कोरबा) निवासी विजय कुमार राज (48) ने उन्हें अपनी तांत्रिक शक्तियों से ढाई लाख रुपये को ढाई करोड़ रुपये में बदलने का झांसा दिया था। जब युवकों को अहसास हुआ कि उनके साथ ठगी हुई है, तो उन्होंने अपना पैसा और बदला वसूलने के लिए लूट की योजना बनाई।
शिकायत के अनुसार, विजय कुमार राज 31 जनवरी की रात अपनी महिला रिश्तेदारों के साथ बिल्हा मेले से लौट रहा था। तड़के करीब 3:35 बजे रतनपुर के पास एक ढाबे के पास उसने कार रोकी। तभी दो कारों (सफेद और हरे रंग की) में सवार चार युवकों ने फिल्मी अंदाज में उसे घेरा, मारपीट की और उसकी कार, तीन मोबाइल फोन व ₹8000 नगद लेकर फरार हो गए।
शुरुआत में पुलिस इसे एक साधारण लूट मानकर चल रही थी, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जब उनसे पूछताछ हुई, तो ‘पैसा डबल’ करने के काले खेल का पर्दाफाश हुआ।
एसपी राजनेश सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विजय कुमार राज द्वारा तांत्रिक क्रिया के नाम पर की गई ठगी की भी जांच की जा रही है और उसके खिलाफ अलग से जालसाजी का मुकदमा दर्ज किया जाएगा।









