Rajasthan News

SIR News- विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में डिजिटाईजेशन कार्य सौ फीसदी पूर्ण कर सलूंबर जिला बना राज्य में प्रथम

जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीना एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सलूंबर जिले की आमजनता एवं पूरी विशेष गहन पुनरीक्षण टीम को बधाई देते हुए इस राष्ट्रीय महत्व के निर्वाचन कार्य को सम्पन्न करने में लगे समस्त अधिकारियों एवं कार्मिकों की सराहना की।

SIR News/जयपुर। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन के मार्गदर्शन और सलूंबर जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीना के नेतृत्व में सलूंबर जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले की मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन तथा त्रुटिरहित बनाना है ताकि प्रत्येक योग्य नागरिक को मतदान के अधिकार से वंचित न होना पड़े।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार वर्तमान में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम—2026 के तहत एक बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 156 सलूंबर ने मतदाताओं के सौ फीसदी डिजिटाईजेशन का कार्य सबसे पहले पूरा कर पूरे राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
सलूंबर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने दी शुभकामनाएं—
जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीना एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सलूंबर जिले की आमजनता एवं पूरी विशेष गहन पुनरीक्षण टीम को बधाई देते हुए इस राष्ट्रीय महत्व के निर्वाचन कार्य को सम्पन्न करने में लगे समस्त अधिकारियों एवं कार्मिकों की सराहना की।
जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीना ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण राज्य और केंद्र निर्वाचन आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता का विषय है। ऐसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में इन बीएलओ ने जिस सत्यनिष्ठा और तत्परता का परिचय दिया है, वह अत्यंत प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि इन कार्मिकों द्वारा स्थापित कार्य-संस्कृति अन्य समस्त कार्मिकों के लिए एक आदर्श उदाहरण है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने आमजन से भी अपील की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में अपने क्षेत्र के बीएलओ का पूर्ण सहयोग करें और उन्हें सही जानकारी के साथ गणना प्रपत्र भरकर उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची को त्रुटि-रहित बनाया जा सके।
प्रशस्ति पत्र प्रदान कर किया गया उत्साहवर्धन— 
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ एवं कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने आह्वान किया कि जिले के अन्य बीएलओ भी इन साथियों के अनुभवों से सीख लेते हुए शेष कार्य को पूर्ण गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ संपन्न करें।
डेटा गुणवत्ता एवं ‘शून्य त्रुटि’ की सुनिश्चितता— 
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूची की शुद्धता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि प्रपत्रों में मतदाताओं के नाम, फोटो और अन्य विवरणों की प्रविष्टि पूर्ण सावधानी से की जाए। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य ‘त्रुटि-रहित’ मतदाता सूची तैयार करना है, अतः डेटा एंट्री में किसी भी प्रकार की विसंगति स्वीकार्य नहीं होगी।

Shri Mi

पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
Back to top button
cgwall