CG NEWS:सीयू में गणतंत्र दिवसः भारत समस्या नहीं, समाधान की बात करता है- कुलपति प्रो. चक्रवाल
स्वाभिमान थाली की संख्या 1000 से बढ़ाकर 2000 करने की घोषणा

CG NEWS:बिलासपुर। गुरू घासीदास विश्वविद्यालय (केन्द्रीय विश्वविद्यालय) में 76वें गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के समीप स्थित प्रांगण में किया गया। जहां कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
76वें गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल ने राष्ट्रीय ध्वज को फहराया। विश्वविद्यालय की प्रथम महिला एवं सौराष्ट्र विश्वविद्यालय की पूर्व कुलपति प्रो. नीलांबरी दवे, विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो.ए.एस. रणदिवे एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. शैलेंद्र कुमार उपस्थित रहे।
कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल ने सभी उपस्थित जनों को 76वें गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि भारत पूरे विश्व का पथ प्रदर्शक रहा है। वैश्विक महामारी कोरोना के संकटकाल में भारत ने पूरी दुनिया को वैक्सीन उपलब्ध कराई। भारत समस्या की नहीं, समाधान की बात करता है।
कुलपति प्रोफेसर चक्रवाल ने कहा कि हमें शीर्षतम स्तर पर अपने लक्ष्यों का निर्धारण करना चाहिए। लक्ष्य आधारित कार्य करने पर हमें चमत्कारिक परिणाम प्राप्त होते हैं। सत्य, परिश्रम, स्वाध्याय, त्याग और संयम से युवा अपने लिए अलग स्थान बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमें बलिदानियों के प्रति आभार जताते हुए अपने कर्तव्यों के निवर्हन प्रति सजग होना होगा।
इससे पूर्व कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल एवं कुलसचिव प्रो. ए.एस. रणदिवे ने संत गुरू घासीदास जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। तत्पश्चात राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित किये। इस अवसर पर माननीय कुलपति महोदय ने एनसीसी, एनएसएस और सुरक्षा प्रहरियों के मार्च पास्ट का अवलोकन किया एवं सलामी ली।
कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव प्रो. ए.एस. रणदिवे ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. शैलेन्द्र कुमार ने किया। इस अवसर पर प्रसाद का वितरण किया गया। इस मौके पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विद्यापीठों के अधिष्ठातागण, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, अधिकारीगण, कर्मचारीगण, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
जीजीवी-जीएसटी के साथ अन्य योजनाओं पर फोकस
गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल ने विद्यार्थियों को सौगत देते हुए 10 रुपये में प्रदान की जाने वाली ‘गुरु घासीदास विश्वविद्यालय स्वाभिमान थाली'(जीएसटी) की संख्या को 1000 से बढ़ाकर प्रतिदिन 2000 थाली करने की घोषणा की साथ ही 10 रुपये में ही एक फल और एक मिष्ठान परोसे जाने की भी घोषणा की। उल्लेखनीय है कि गुरु घासीदास केन्द्रीय विश्वविद्यालय देश का एकमात्र ऐसा उच्च शिक्षण संस्थान है जहां छात्र-छात्राओं के लिए न्यूनतम दर पर ‘गुरु घासीदास विश्वविद्यालय स्वाभिमान थाली'(जीएसटी) जैसा प्रकल्प चल रहा है।
इसके अतिरिक्त गुरु घासीदास विश्वविद्यालय कुटुंब प्रबोधन संस्कार योजना (जीजीवी-केपीएस), गुरु घासीदास विश्वविद्यालय शिक्षा मित्र स्कीम (जीजीवी- एसएमएस), गुरु घासीदास विश्वविद्यालय रक्त संबंध संस्कार योजना (जीजीवी-आरएसएस), गुरु घासीदास विश्वविद्यालय व्यावसायिक संस्थापन संस्कार योजना (जीजीवी-वीएसएस) के विषय में भी अपडेट साझा किये गये।









