चार सूत्रीय मांग पर कर्मचारियों की 1 दिवसीय ताकत…कार्यालयों में लटका ताला…नेताओं ने कहा अब करेंगे बड़ा आंदोलन
कार्यालयो में लटका ताला...काम काज को लेकर भटकते रहे लोग

बिलासपुर— चार सूत्रीय मांग को लेकर प्रदेश समेत बिलासपुर में भी फेडरेशन के बैनर तले कर्मचारियों ने एक दिवसीय कलमबन्द हड़ताल किया। समयमान वेतनमान,गृहभाड़ा, महंगाई भत्ता समेत 300 दिवस अवकाश नगदीकरण की मांग को पुरजोर तरीके से उठाया। बिलासपुर स्थित नेहरू चौक में कर्मचारियों ने बारिश के बीच जमकर भाषण दिया। साथ ही सरकार को चेतावनी के साथ बताया कि यदि मांग को पूरा नहीं किया गया तो जल्द ही कलमबन्द अनिश्चितकालीन हड़ताल का एलान किया जाएगा।
फेडरेशन के बैनर तले प्रदेश के साथ बिलासपुर में भी कर्मचारियों ने चार सूत्रीय मांग को लेकर एक दिवसीय कलमबन्द हडताल किया। इस दौरान कर्मचारियों ने नेहरू चौक में सुबह से लेकर शाम तक भाषणवाजी के साथ शक्ति प्रदर्शन किया। कर्मचारी नेताओं ने कहा चुनाव के समय भाजपा नेताओं ने वादा किया था कि सरकार बनते ही मोदी गारंटी योजना के तहत कर्मचारियों की सभी मांगों को 100 दिनों के भीतर पूरा कर दिया जाएगा। धीरे धीरे सरकार बने 10 महीने हो चुके हैं। लेकिन अभी तक कर्मचारियों की एक भी मांग को पूरा नहीं किया गया।
मंच से हुंकार भरते हुए कर्मचारी नेताओँ ने कहा कि जब भाजपा विपक्ष में थी…तत्कालीन समय अधिकारी से नेता बने वर्तमान वित्त मंत्री कर्मचारियों की मांग को लेकर हमेशा भूपेश सरकार के खिलाफ में थे। हमेशा कर्मचारी हितों की मांग को लेकर ट्विट किया करते थे।अब ओपी चौधरी के हाथ में प्रदेश की खजाने की चाभी है। अब ट्विट करना दूर उन्होने कर्मचारियों की मांग को लेकर कुछ भी बोलना बन्द कर दिया है।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार बनने के बाद हमने कई बार अपनी मांग को लेकर वित्त मंत्री से मुलाकात कर आवेदन किया। अब उनका कहना है कि सरकार की वित्तीय स्थिति ठीक नहीं है। सवाल उठता है कि क्या हमारे वोट के लिए ही उन्होने ट्विट किया था। सरकार बनाने के लिए कर्मचारियों को मोहरा बनाया था। यदि हमारी मांग को गंभीरता से नहीं लिया गया तो..हम उग्र आंदोलन के लिए मजबूर हैं।
कर्मचारी नेताओं ने बताया कि एक दिवसीय कलमबन्द हड़ताल पूरी तरह से सफल रहा। कार्यालयों में ताला लटका रहा। एक दिन के कलमबन्द हड़ताल से सरकार को करोड़ों का राजस्व नुकसान हुआ है।
कार्यालयों में लटका ताला
हड़ताल के दौरान बड़े अधिकारियों को छोड़कर कमोबेश सभी कार्यालयों में काम काज ठप रहा । इस दौरान कुछ बड़े कर्मचारी बन्द ताला के अन्दर पुराने काम काज को निपटाते हुए पाये गये। कुछ जगह तो लोग मोबाइल में सिर खफा कर आनलाइन गेम खेलते हुए देखे गये।
बारिश के बीच पण्डाल में भीड़
पुरानी और नई कम्पोजिट बिल्डिंग के मुख्य और कार्यालय के दरवाजे पर ताला लटकता दिखायी दिया। इस दौरान काज काज को लेकर दूर दराज से पहुंचे लोग भटकते रहे। यद्यपि नेहरू चौक स्थित हड़ताल स्थल पर भीड़ तो नजर आयी। लेकिन इतने ही कर्मचारी छुट्टी का फायदा उठाकर अपने घर के कामकाज को निपटाते रहे।
अब करेंगे उग्र आंदोलन
कर्मचारी नेताओं ने बताया कि आज चार सूत्रीय मांग को लेकर चौथा चरण का आंदोलन किया गया। एक दिवसीय कलमबन्द हड़ताल पूरी तरह से सफल रहा। कुल 102 कर्मचारी संगठनों ने हड़ताल में भाग लिया। अब पांचवे और अंतिम चरण की निर्णायक हड़ताल को लेकर अग्रिम पंक्ति के नेताओं की बैठक होगी। पांचवे चरण में अनिश्चितकालीन हड़ताल को अंजाम दिया जाएगा। बैठक के बाद जल्द ही तारीख का एलान भी कर दिया जाएगा।









