निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सख्ती,7 जिलों में 35 कार्यों का औचक निरीक्षण..लापरवाही पर नोटिस, निलंबन व ब्लैकलिस्टि के निर्देश
सागर जिले में लोक निर्माण विभाग (भवन) अंतर्गत बीलाग्राम स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में प्रयोगशालाओं एवं अतिरिक्त कक्षों के निर्माण की गुणवत्ता संतोषजनक न पाए जाने पर संबंधित कार्यपालन यंत्री एवं अनुविभागीय अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने, उपयंत्री को निलंबित करने तथा भवन निर्माण के ठेकेदार मेसर्स श्री रविंद्र सिंह ठाकुर को ब्लैक लिस्ट में डालकर अनुबंधानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

भोपाल/लोक निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुधार हेतु तैयार कार्ययोजना के अंतर्गत प्रदेश में विभाग के निर्माण कार्यों के औचक निरीक्षण की व्यवस्था की गई है। मुख्य अभियंताओं के सात दलों द्वारा 5 फरवरी को भोपाल, डिंडौरी, अशोकनगर, इंदौर, शहडोल, नीमच एवं सागर जिलों में रेण्डम आधार पर 35 निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 21 कार्य लोक निर्माण विभाग (सड़क/पुल), 6 कार्य पी.आई.यू. (भवन), 6 कार्य मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम, एक कार्य मध्यप्रदेश भवन विकास निगम और एक कार्य राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित रहा।
निरीक्षण दलों से प्राप्त प्रतिवेदनों की समीक्षा बैठक प्रमुख अभियंता (सड़क) श्री के.पी.एस. राणा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई, जिसमें प्रमुख अभियंता (भवन) श्री एस.आर. बघेल, तकनीकी सलाहकार एम.पी.आर.डी.सी. आर.के. मेहरा सहित समस्त मुख्य अभियंता, अधीक्षण यंत्री, कार्यपालन यंत्री एवं निरीक्षणकर्ता अधिकारी ऑनलाइन उपस्थित रहे।
बैठक में प्रतिवेदनों के आधार पर लापरवाही पाए जाने पर सख्त निर्देश दिए गए। इंदौर जिले में चटवाड़ा से हरनासा सड़क (5.30 किमी) की स्थिति असंतोषजनक पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने तथा ठेकेदार मेसर्स आनंद इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी को ब्लैक लिस्ट में डालने के निर्देश दिए गए।
सागर जिले में लोक निर्माण विभाग (भवन) अंतर्गत बीलाग्राम स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में प्रयोगशालाओं एवं अतिरिक्त कक्षों के निर्माण की गुणवत्ता संतोषजनक न पाए जाने पर संबंधित कार्यपालन यंत्री एवं अनुविभागीय अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने, उपयंत्री को निलंबित करने तथा भवन निर्माण के ठेकेदार मेसर्स श्री रविंद्र सिंह ठाकुर को ब्लैक लिस्ट में डालकर अनुबंधानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार सागर जिले में मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के रेहली–गौरझामर मार्ग की स्थिति असंतोषजनक पाए जाने पर ठेकेदार मेसर्स बंसल पाथवेज़ प्रा.लि. एवं कंसल्टेंट योंगमा इंजीनियर प्रा.लि. को नोटिस जारी कर अनुबंधानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त 17 अन्य कार्यों में आवश्यक आंशिक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
समीक्षा बैठक में अच्छे कार्यों की सराहना भी की गई। इंदौर जिले की चोरल तहसील, महू में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं आवास गृह के निर्माण/उन्नयन की गुणवत्ता संतोषजनक पाए जाने पर कार्यपालन यंत्री अजय यादव, अनुविभागीय अधिकारी राजेश मकवानी तथा उपयंत्री जितेन्द्र भल्ला की प्रशंसा की गई। वहीं नीमच जिले के ग्राम भदाना, ब्लॉक मनासा में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं आवास गृहों के निर्माण की गुणवत्ता अच्छी पाए जाने पर कार्यपालन यंत्री रिंकू चौहान एवं अनुविभागीय अधिकारी अजय कुमार जैन की सराहना की गई।
बैठक में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निरीक्षण प्रतिवेदनों में की गई अनुशंसाओं का पालन करते हुए समयबद्ध रूप से आवश्यक सुधार कार्य कराना सुनिश्चित करें, जिससे प्रदेश में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।





