खरीदी केन्द्रों में धान उत्सव की धूम..10 हजार किसानों ने बेचा 135 करोड़ का धान..कलेक्टर ने कहा..7 चेकपोस्ट से गहन निगरानी
अब तक 10 हजार किसानों ने बेचा 43 हजार मीट्रिक धान

बिलासपुर—14 नवम्बर से धान उत्सव शुरू होने के बाद बिलासपुर जिले मे अब तक 135 करोड़ की धान खरीदी हुई है। धान खरीदी केन्द्र पहुंचकर किसानों ने कुल 43 हजार टन धान बेचा है। यह बातें कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ धान खरीदी प्रगति समीक्षा के दौरान कही। कलेक्टर ने बताया कि अब तक किसानों ने बिना किसी परेशानी या शिकायत के धान बिक्री किया है। ऐसी व्यवस्था आगे भी बनाए रखें। किसानों को धान बेचने से लेकर भुगतान पाने तक के सारे काम आसानी से हो।
कलेक्टर अवनीश शरण ने आज अधिकारियों के साथ बैठकर धान खरीदी और व्यवस्था को लेकर चर्चा की है। कलेक्टर ने बताया कि जिले में अब तक 135 करोड़ रूपए की 43,597 मीट्रिक टन धान खरीदी हुई है। लगभग 10 हजार से ज्यादा किसानों ने नजदीकी धान खरीदी केन्द्रों पर पहुंचर अपना उत्पाद बेचा है। इस बीच अवैध धान संग्रहण और परिवहन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही।
कलेक्टर ने बताया कि अब तक 16 प्रकरणों में लगभग 15 लाख रूपयों के 470 क्विंटल अवैध धान जब्त किये गये हैं। नये और पुराने दोनों तरह के बारदाने पर्याप्त मात्रा में हैं। कलेक्टर ने राईस मिलर्स से भी बारदाने उठाने को कहा। इस दौरान डीएमओ ने बताया कि पिछले साल से ज्यादा मात्रा में धान की आवक हुई है। पिछले साल इस अवधि तक 32 हजार मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई थी। इस साल 43 हजार मीट्रिक टन से ज्यादा की आवक हुई है।
कलेक्टर ने खरीदी केन्द्रों पर संभावित जाम और टोकन काटने की भी जानकारी ली । उन्होने बताया कि भुगतान की कोई समस्या नहीं हैं। छोटी रकम माईक्रो एटीएम से सोसायटी स्तर पर ही उपलब्ध कराये जा रहे हैं। कलेक्टर ने चावल जमा की प्रगति की भी समीक्षा की। बताया गया कि नान में 99.52 प्रतिशत और एफसीआई में 80 प्रतिशत चावल जमा किया जा चुका है। बैठक में खाद्य, सहकारी, मार्कफेड, नान समेत जिला सहकारी बैंक और बीज विकास निगम के अधिकारी उपस्थित थे।
अवैध परिवहन रोकने 7 चेकपोस्ट
कलेक्टर अवनीशरण ने बताया कि खरीदी केन्द्रों में धान की अवैध खपत रोकने को लेकर हरसंभव उपाय किये गये हैं। सीमावर्ती गांवों में 7 चेकपोस्ट बनाये गये हैं। वन एवं खनिज विभाग के पूर्व में कार्यरत बैरियर का उपयोग चेकपोस्ट के रूप में किया जा रहा है।बिलासपुर परिक्षेत्र में हरदीपारा बेरियर, सोंठी बैरियर, रतनपुर परिक्षेत्र में रतनपुर बैरियर, कोटा परिक्षेत्र में कंुवारीमुड़ा और पटैता बैरियर, बेलगहना में केकराडीह बेरियर और मस्तुरी में लवर खनिज जांच चौकी स्थापित किये गये हैं।चेक पोस्टों में तीन पालियों में दिन-राज कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी गई है।
Join WhatsApp News Group यहाँ क्लिक करे
Join Telegram News Group यहाँ क्लिक करे




