CG Paddy Purchase: 15 नवंबर से होगी धान खरीदी, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण

Cg paddy purchase।कोण्डागांव। कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों को लेकर जिला कार्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में एसडीम तहसीलदार, खाद्य विभाग, सहकारी बैंक और जिला विपणन अधिकारी, जिले के समिति प्रबंधक, खरीदी प्रभारी, डाटा एंट्री ऑपरेटर, उपार्जन केन्द्रों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में धान खरीदी के संबंध में जारी शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने इस दौरान धान खरीदी की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और किसान पंजीयन की समितिवार जानकारी लेते हुए इसे शीघ्र पूरा करने को कहा।
उन्होंने उपार्जन केन्द्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने हेतु निर्देश दिए और कहा कि धान उपार्जन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रों पर समुचित व्यवस्थाओं के निर्देश देते हुए सभी समितियों में नमी मापक यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, इलेक्ट्रॉनिक कांटा-बांट का उपयोग करने और धान भंडारण के लिए पर्याप्त स्थान न होने पर नए स्थानों का प्रस्ताव देने को कहा।
साथ ही शासन के निर्देशों के अनुसार धान भंडारण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उपार्जन केंद्रों पर साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, बैनर और कम्प्यूटर जैसी सुविधाओं को दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए। धान खरीदी के लिए बारदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए योजनाबद्ध कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
टोकन जारी करने से पहले ओटीपी आधारित आधार सत्यापन अनिवार्य होगा।
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी, जो 31 जनवरी 2026 तक चलेगा। खरीदी अवधि में अन्य राज्यों से धान के आवक पर प्रतिबंध रहेगी और कड़ी निगरानी के साथ ही व्यापारी कोच्चियों पर नजर रहेगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में धान खरीदी के संबंध में शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के बारे में विस्तृत जानकारी खाद्य अधिकारी एवं जिला विपणन अधिकारी द्वारा दी गई।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर चित्रकांत चार्ली ठाकुर सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।







