CG News-शादी का झांसा देकर युवती का यौन शोषण, आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया

CG News-रायगढ़। शादी का प्रलोभन देकर एक युवती का शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी सनत झारा (23 वर्ष) को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी को उसके गांव में दबिश देकर पकड़ा और न्यायालय में पेश किया।
पड़ोसी जिले की रहने वाली और रायगढ़ में कार्यरत पीड़िता ने 26 सितंबर को महिला थाना में आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता के आवेदन के अनुसार, वह आरोपी सनत झारा से अपने कार्यस्थल पर परिचित हुई थी।
अगस्त 2024 से आरोपी ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता द्वारा कई बार मना करने के बावजूद, आरोपी ने अलग-अलग स्थानों पर उसके साथ जबरन संबंध स्थापित किए। बाद में, आरोपी ने ‘दूसरी जाति’ का हवाला देते हुए शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
पीड़िता ने यह भी बताया कि 24 सितंबर को आरोपी सनत झारा उसके रायगढ़ स्थित किराए के मकान पर पहुँचा और उसके साथ मारपीट भी की।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर महिला थाना में धारा 69, 115(2), 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी सनत झारा को उसके गांव एकताल से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।







