धूमधाम से मनाया गया 76वा गणतंत्र दिवस

बलरामपुर(पृथ्वीलाल केशरी)76 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर संयुक्त जिला कार्यालय भवन के प्रांगण में प्रातः 07.30 बजे कलेक्टर राजेंद्र कटारा के द्वारा ध्वजारोहण किया गया। राष्ट्रगान संपन्न होने के बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं डॉ. भीमराव अम्बेडकर के प्रतिमा पर माल्यार्पण
उपरांत सभी मुख्य कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। पुलिस लाईन ग्राउंड में आयोजित गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली तथा मुख्यमंत्री के प्रदेश की जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन करते हुए राष्ट्रीय ध्वज के प्रतीक गुब्बारे व शांति के प्रतीक श्वेत कपोत आकाश में छोड़े गये।
उन्होंने कलेक्टर राजेन्द्र कटारा और प्रभारी पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के साथ परेड का निरीक्षण किया।
परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक विमलेश देवांगन व परेड टू आईसी हिम्मत सिंह शेखावत के नेतृत्व में 12 वीं वाहनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल रामानुजगंज,10वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ शस्त्र बल,जिला पुलिस बल पुरूष,महिला पुलिस बल,पुरूष नगर सेना,वन विभाग,एनसीसी बालक,एनएसएस बालिका,एनएसएस बालक स्वामी आत्मांनद विद्यालय बालक एवं बालिका,शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरस्वती शिशु मंदिर बालक व बालिका के दलों ने देशभक्ति धुनों पर कदम से कदम मिलाते हुए आकर्षक मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया और मंच के सम्मुख पहुंच राष्ट्रीय ध्वज और मुख्य अतिथि को पूरे जोश और उत्साह से सलामी दी।
परेड उपरांत मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने जिले के शहीद जवानों के परिजनों को शॉल व श्रीफल देकर उनका सम्मान किया। वहीं विभिन्न विभागों के द्वारा थीम पर आधारित झांकियो का प्रदर्शन किया गया। साथ ही विभिन्न विद्यालय के स्कूली बच्चों के द्वारा रंगारंग संस्कृति कार्यक्रम प्रस्तुत की गई।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों के द्वारा मार्च पास्ट,सांस्कृतिक कार्यक्रम और जिले में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 52 अधिकारियों और कर्मचारियों को शील्ड तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आयोजित कार्यक्रम के दौरान सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा,जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर,अपर कलेक्टर आर.एस.लाल सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









