खपाने से पहले दो ट्रैक्टर धान बरामद…तहसीलदार ने दिया आदेश…संयुक्त टीम ने करीब तीन लाख का धान कब्जे में लिया
दस्तावेज पेश नहीं करने पर 224 बोरी धान जब्त

बिलासपुर—बिल्हा से धान खपाने टिकारी ले जा रहे दो ट्रैक्टर को जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने पूछताछ के बाद पकड़ा है। संयुक्त टीम ने टैक्टर से बरामद 224 बोरी धान जब्त कर मण्डी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है। प्रकरण मस्तूरी तहसील क्षेत्र के ग्राम वेद परसदा का है।
धान के अवैध संग्रहण और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मामला मस्तुरी तहसील क्षेत्र के ग्राम वेद परसदा का है। खाद्य,राजस्व और मंडी अधिकारियों की संयुक्त टीम ने धान से भरे दो ट्रैक्टर को कब्जे में लिया है। जानकारी के अनुसार दोनों में 224 बोरी धान पाया गया है।बरामद धान की कीमत करीब दो अठहत्तर हजार रूपयों से अधिक है।
संयुक्त टीम को गुप्त जानकारी मिली कि बिल्हा से दो ट्रैक्टर धान अवैध बिक्री के लिए टिकारी लेकर जा रहे हैं। टीम ने जानकारी के बाद कार्रवाई कर दोनो ट्रैक्टर को रोका। पूछताछ के दौरान ट्रैक्टर चालक ने बताया कि बिल्हा से धान लेकर बेचने ग्राम टिकारी जा रहा है।
इस दौरान ड्रायवर ने किसी प्रकार का वैध दस्तावेज पेश नहीं किया। धान को खरीदी केन्द्र में खपाने की आशंका को देखते हुए तहसीलदार ने ट्रैक्टर समेत 224 कट्टी धान को जब्ती का आदेश दिया। साथ ही मण्डी अधिनियम के तहत् प्रकरण दर्ज करने का आदेश दिया।
तहसीलदार ने बताया कि कलेक्टर अवनीश शरण ने कोचियों और धान की अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने का निर्देश दिया है। इसी क्रम में टीम ने मजबूत सूचना तंत्र की जानकारी पर दो ट्रैक्टर धान बरामद किया है। पूछताछ के दौरान पार्टी ने संतोषप्रद जवाब नहीं दिया। धान जब्त कर कठोर कार्रवाई का निर्देैश दिया गया है।









