शहर को सीएम देंगे 143 करोड़ का तोहफा…राउत नाच महोत्सव में करेंगे शिरकत…23 को लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे उप मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री देंगे करोड़ों की सौगात

बिलासपुर—मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 23 नवम्बर को बिलासपुर प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान विकास कार्यों का लोकार्पण भी करेंगे। राउत नाचा कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे। शहर को 143 करोड़ का सौगात भी देंगे। प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री सकरी रोड, मिनोचा रोड, स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, मिनी स्टेडियम, सिटी कोतवाली के पास निर्मित मल्टीलेवल पार्किंग और अरपा नदी तट पर निर्मित राम सेतु मार्ग को जनता के हवाले करेंग। लोकार्पण कार्यक्रम प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरूण साव समेत स्थानीय विधायक भी शिरकत करेंगे।
रामसेतु मार्ग का लोकार्पण
अरपा उत्थान और तट संवर्धन प्रोजेक्ट अंतर्गत अरपा नदी के दांयी तरफ सड़क का नाम रामसेतु मार्ग रखा गया है। रामसेतु मार्ग की लागत 49 करोड़ 98 लाख रूपये है। फूटपाथ, डिवाइडर, स्ट्रीट लाइट, रिटेनिंग वॉल, पीचिंग और सौंदर्यीकरण कार्य किया गया है।
मिनी स्टेडियम का लोकार्पण
शहर के पुराने और प्रतिष्ठित शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक शाला मल्टीपरपज़ स्कूल के मैदान को संवार कर बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने 21 करोड़ 79 लाख रूपये की लागत से मिनी स्टेडियम का निर्माण किया है। निर्माण कार्य 14115 वर्ग मीटर में किया गया है। सर्व सुविधायुक्त क्रिकेट मैदान की दर्शक क्षमता 850 है। डे-नाईट मैच खेलने की सुविधा है। इनडोर गेम्स स्नूकर, बिलियर्ड्स, टेबल टेनिस, स्क्वैश खेलने की सुविधा के साथ-साथ आधुनिक जिम भी तैयार किया गया है। इसके अलावा ट्रेनिंग हॉल का निर्माण किया गया है। भवन में अलग से वीआईपी गैलरी,एनाउंसमेंट बॉक्स और पेंट्री रूम के साथ ही यहां बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के लिए एक हॉस्टल बनाया गया है। दो लॉन टेनिस कोर्ट की भी सुविधा है।
स्पोर्ट्स कांप्लेक्स
14 करोड़ 60 लाख रूपये की लागत से संजय तरण पुष्कर परिसर में स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का निर्माण किया गया है,। तीन मंजिला स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के बेसमेंट में पार्किंग, ग्राउंड फ्लोर में रिसेप्शन और रेस्टोरेंट संचालित होगा। प्रथम तल में बैडमिंटन, स्क्वैश कोर्ट, टेबल टेनिस, स्नूकर, बिलियर्ड्स, द्वितीय तल में मल्टीपरपज हॉल, योगा, मैट गेम की सुविधा है। तीसरे तल में मनोरंजन की अनेक सुविधाएं है।
कोतवाली मल्टीलेवल पार्किंग
29 करोड़ 76 लाख की लागत से साढ़े तीन एकड़ में कोतवाली थाना परिसर में तीन मंजिला मल्टीलेवल कार पार्किंग बनाया गया है। ग्राउंड फ्लोर के अलावा सभी फ्लोर में पार्किंग की सुविधा है। पार्किंग में 192 कार और 325 बाइक एक साथ पार्क किया जा सकेगा। ग्राउंड फ्लोर को कमर्शियल कांप्लेक्स के तौर पर विकसित किया गया है । 46 दुकानों का निर्माण भी किया गया है।
उस्लापुर-सकरी सड़क
उस्लापुर रेलवे ओव्हरब्रिज से सकरी बाईपास चौक तक 15 करोड़ 87 लाख की लागत से नगर निगम द्वारा सवा चार किमी सड़क का उन्नयन और चौड़ीकरण किया गया है। सड़क चौड़ीकरण और उन्नयन होने से राहगीरों को काफी राहत मिली है। उन्नयन और चौड़ीकरण के तहत मार्ग की चौड़ाई बढ़ाई गई है। डिवाइडर बनाया गया है, स्ट्रीट लाइट और दोनों तरफ नाली निर्माण भी किया गया है।
मिनोचा कॉलोनी सहित अन्य रोड
करीब 11 करोड़ 68 लाख की लागत से शहर के विभिन्न सड़कों का डामरीकरण, उन्नयन, साइनेज, मिनोचा कॉलोनी रोड और रोटरी शामिल है। प्रमुख रूप से महावीर नगर चौक से उस्लापुर ओव्हर ब्रिज तक 800 मीटर सड़क, डिवाइडर, स्ट्रीट लाइट और रोटरी शामिल है। शहर के विभिन्न सड़कों का डामरीकरण, साइनेज, रोड मार्किंग के कार्य शामिल हैं।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव कार्यक्रम में होंगे शामिल
उप मुख्यमंत्री अरुण साव 23 नवम्बर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ बिलासपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। दोपहर साढ़े तीन बजे सकरी रोड के लोकार्पण, दोपहर 3:50 बजे मिनोचा रोड के लोकार्पण और शाम चार बजे स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम छह बजे मिनी स्टेडियम और शाम 6:20 बजे मल्टीलेवल कार पार्किंग के लोकार्पण के बाद शाम पौने सात बजे अरपा तट पर राम सेतु मार्ग के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम 7:40 बजे लाल बहादुर शास्त्री स्कूल में राउत नाच महोत्सव में शामिल होंगे।









