ठगी का अजीबोगरीब मामला: ‘फिनलैंड वाले चचेरे भाई’ ने गहनों का लालच देकर महिला से ठगे 2.47 लाख रुपये

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां आलमबाग इलाके की एक महिला नेहा वासवानी को व्हाट्सएप पर एक कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को उनका ‘फिनलैंड वाला चचेरा भाई’ बताया।

आरोपी ने महिला को झांसे में लेने के लिए कहा कि उसने उसकी बेटियों के लिए गहने और विदेशी मुद्रा भेजी है। गहनों और पैसों के लालच में आकर महिला जालसाजों के बिछाए जाल में फंस गई और महाराष्ट्र के इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पार्सल छुड़ाने के नाम पर करीब ढाई लाख रुपये गंवा दिए।

नेहा वासवानी ने पुलिस को बताया कि 27 अक्टूबर को उनके पास एक व्हाट्सएप कॉल आई।

कॉल करने वाले ने खुद को उनका फिनलैंड वाला चचेरा भाई बताते हुए ऐसी चिकनी-चुपड़ी बातें कीं, कि नेहा एक अनजान व्यक्ति को ही अपना भाई समझ बैठीं। आरोपी ने फोन पर कुछ पारिवारिक बातें भी कीं, जिससे नेहा का भरोसा और बढ़ गया। कॉल करने वाले ने नेहा को बताया कि उसने उनकी दोनों बेटियों के लिए गहने और कुछ विदेशी रुपये भेजे हैं, जो महाराष्ट्र के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेंगे और इसके लिए एक अलग से कॉल आएगी।

आरोपी ने नेहा से कहा कि आने वाली कॉल पर उन्हें घर का सही पता बताना है।

इसके बाद उस अनजान व्यक्ति ने फोन काट दिया। कुछ देर बाद नेहा के पास ‘अर्चना’ नाम की एक महिला का फोन आया, जिसने खुद को महाराष्ट्र के इंटरनेशनल एयर कार्गो लॉजिस्टिक सेंटर से बताया। इस महिला ने नेहा से कहा कि फिनलैंड से एक पार्सल आया है, जिसे कस्टम ड्यूटी, एंटी मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट चार्ज और भाड़ा देकर छुड़ाना होगा। इसके लिए उसने नेहा को चार बैंक खाते बताए। कॉल करने वाली महिला ने इन चारों खातों पर पीड़िता से कुल 2.47 लाख रुपये मंगा लिए।

नेहा वासवानी ने बताया कि उन्होंने बताए गए खातों में अपने दो बैंक खातों से पैसे भेज दिए। पैसे भेजने के बाद जालसाजों के मोबाइल नंबर बंद हो गए। मोबाइल बंद होने पर नेहा को कुछ गड़बड़ महसूस हुआ और उन्हें लगा कि वे ठगी का शिकार हो गई हैं।

इसके तुरंत बाद उन्होंने पुलिस और साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस इंस्पेक्टर ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

Shri Mi

पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर

Related Articles