Chhattisgarh

‘मनरेगा’ के नाम से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं: विधेयक के खिलाफ कांग्रेस ने खोला मोर्चा

अंबिकापुर। केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के नाम और स्वरूप में कथित बदलाव की कोशिशों के खिलाफ अब सरगुजा में सियासी पारा चढ़ गया है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर बुधवार को सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी ने अंबिकापुर के डाटा सेंटर परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर अपनी आवाज बुलंद की।

कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि संसद में लाए गए नए विधेयक के जरिए न केवल योजना का नाम बदलने की तैयारी है, बल्कि इसके मूल ढांचे को कमजोर कर गरीबों के रोजगार पर प्रहार किया जा रहा है।

धरना स्थल पर आयोजित सभा में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मनरेगा ग्रामीण भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है।

उन्होंने याद दिलाया कि विश्व बैंक ने भी इसे दुनिया की सबसे बड़ी रोजगार गारंटी योजना के रूप में सराहा था।

पाठक ने कहा कि जब 2008-09 में पूरी दुनिया आर्थिक मंदी की चपेट में थी, तब मनरेगा ने ही भारत की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को संभाल कर रखा था, लेकिन अब केंद्र सरकार इसका नाम और स्वरूप बदलकर इसकी महत्ता को खत्म करना चाहती है, जिसका कांग्रेस पुरजोर विरोध करेगी।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने महात्मा गांधी के नाम को हटाने की किसी भी कोशिश को देश की विरासत पर हमला बताया।

20 सूत्रीय कार्यक्रम के पूर्व अध्यक्ष अजय अग्रवाल ने कहा कि यह योजना गरीबों के अस्तित्व से जुड़ी है और इसमें किए जा रहे बदलावों का सीधा असर मजदूरों की आजीविका पर पड़ेगा।

वहीं, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा ने स्पष्ट किया कि ‘महात्मा गांधी’ का नाम इस योजना की पहचान और आत्मा है। उन्होंने कहा कि रोजगार गारंटी कानून में किसी भी तरह का संशोधन करने से पहले संसद और सड़क पर व्यापक चर्चा होनी चाहिए। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मनमाने ढंग से बदलाव किए, तो यह आंदोलन और उग्र होगा।

इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ और युवा नेताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने भी प्रस्तावित परिवर्तनों पर आपत्ति जताते हुए इसे योजना की मूल भावना के खिलाफ बताया। सभा को मो. इस्लाम, मुनेश्वर राजवाड़े, मदन जायसवाल, विकल झा, आशीष जायसवाल, प्रमोद चौधरी, शुभम जायसवाल, रजनीश सिंह, विष्णु सिंहदेव, प्रीति सिंह, परवेज आलम गांधी और सीपू सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन किसान कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष दुर्गेश गुप्ता ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।

Shri Mi

पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
Back to top button
cgwall