रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के जिलों में मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है।
वर्तमान में इन क्षेत्रों में गर्मी और उमस ज्यादा महसूस की जा रही है, लेकिन बारिश होने से तापमान में 2-3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि, न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव होने का अनुमान नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज गरियाबंद, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। पिछले 24 घंटों के दौरान दरभा में लगभग 10 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
अक्टूबर में रिकॉर्ड तोड़ बारिश:
इस साल छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई के बावजूद ‘पोस्ट मानसून’ की गतिविधियां काफी सक्रिय रही हैं। अक्टूबर महीने में अब तक राज्य में सामान्य से 64% अधिक बारिश दर्ज की गई है।
आमतौर पर 22 अक्टूबर तक राज्य में औसतन 49.3 मिमी वर्षा होती है, लेकिन इस बार अब तक 80.7 मिमी से ज्यादा बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग स्पष्ट कर चुका है कि 30 सितंबर के बाद हुई बारिश को ‘पोस्ट मानसून’ की बारिश माना जाता है, क्योंकि देशभर से मानसून अब लौट चुका है।
मानसून की वापसी में हुई देरी:
मौसम विभाग ने बताया कि छत्तीसगढ़ में आमतौर पर 5 अक्टूबर के आसपास सरगुजा की तरफ से मानसून लौटना शुरू हो जाता है, लेकिन इस बार वापसी में देरी हुई है और यह सामान्य से करीब 10-12 दिन देरी से लौटा है।
तापमान की स्थिति और वर्षा के आंकड़े:
पिछले 24 घंटों में दुर्ग में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस और अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। 30 सितंबर तक के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में अब तक 1167.4 मिमी औसत बारिश हुई है।
जहां बलरामपुर में 1520.9 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 52% ज्यादा है, वहीं बेमेतरा जिले में केवल 524.5 मिमी पानी बरसा है, जो सामान्य से 50% कम है। अन्य जिले जैसे बस्तर, राजनांदगांव, रायगढ़ में वर्षा सामान्य के आसपास हुई है।
