ACB की बड़ी कार्रवाई: बीएमओ राजेंद्र कुमार पटेल 15 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

रायपुर. एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने सक्ती जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) राजेंद्र कुमार पटेल को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बीएमओ कार्यालय डभरा के बाबू उमेश कुमार चंद्रा की शिकायत पर की गई।
एसीबी बिलासपुर इकाई की टीम ने शिकायत की जांच के बाद आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसके यात्रा भत्ता बिल की राशि 81 हजार रुपए का भुगतान पहले ही हो चुका था, लेकिन इसके एवज में बीएमओ ने 32,500 रुपए की रिश्वत मांगी थी। आरोपी पहले ही 16,500 रुपए ले चुका था और शेष 16,000 रुपए की मांग की जा रही थी। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और मोलभाव के बाद बीएमओ ने 15,000 रुपए लेने पर सहमति जताई।
सोमवार को शिकायतकर्ता को तय रकम देने के लिए बीएमओ कार्यालय डभरा भेजा गया। जैसे ही बीएमओ राजेंद्र कुमार पटेल ने रिश्वत की रकम ली, एसीबी टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से रिश्वत की रकम बरामद की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से कार्यालय और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
एसीबी की टीम ने आरोपी बीएमओ के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है। एसीबी अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।








