India News

Aaj ka mausam : देशभर में मानसून की एंट्री से गर्मी पर ब्रेक! जानिए कब कहां होगी बारिश, ओले और आंधी का असर

पूर्वी भारत में अगले 3 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। राजस्थान, ओडिशा में लू चलेगी। राजस्थान के श्रीगंगानगर में शनिवार को अधिकतम तापमान 46.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक पारा रहा।

Aaj ka mausam /देश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है क्योंकि दक्षिण पश्चिम मानसून ने औपचारिक रूप से दस्तक दे दी है। मौसम विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के अनुसार, मानसून तेजी से देश के विभिन्न हिस्सों की ओर बढ़ रहा है, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलने लगी है। दिल्ली-एनसीआर, बिहार, उत्तराखंड से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक आने वाले दिनों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

Aaj ka mausam /मानसून के आगमन के साथ ही दक्षिण अरब सागर, मालदीव, कोमोरिन क्षेत्र और बंगाल की खाड़ी के हिस्सों में अगले 2-3 दिनों में बारिश की गतिविधियां तेज होने वाली हैं। वहीं, 21 मई के आसपास अरब सागर में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन के बनने की संभावना है, जिससे 22 मई को लो प्रेशर एरिया विकसित हो सकता है। इसके प्रभाव से महाराष्ट्र, गोवा और गुजरात में भारी बारिश के आसार हैं, जहां हवाएं 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।

पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम पूरी तरह से बदला हुआ नजर आएगा। असम, मेघालय, त्रिपुरा और नागालैंड में अगले 7 दिनों तक गरज-चमक के साथ मूसलधार बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पूर्वी राज्यों जैसे पश्चिम बंगाल, झारखंड और सिक्किम में भी बारिश और तेज हवाएं लोगों को गर्मी से राहत दिलाएंगी। मध्य भारत की बात करें तो छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, ओडिशा और बिहार में अगले सप्ताह तक बादल बरसेंगे और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

उत्तर भारत में भी मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 19 से 24 मई के बीच ओलावृष्टि और बिजली चमकने की संभावना है। जम्मू कश्मीर और लद्दाख में भी गरज-बिजली के साथ हल्की बारिश हो सकती है, वहीं राजस्थान और पंजाब में धूल भरी आंधी की चेतावनी दी गई है।

दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम राहत देने लगा है। बीते 24 घंटों में यहां अधिकतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट और न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि दर्ज की गई है। राजधानी में अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। अगले तीन दिनों तक दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, हल्की बारिश, आंधी और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

राजस्थान के श्रीगंगानगर में तापमान 46 डिग्री तक पहुंच गया, जो इस समय देश का सबसे गर्म स्थान रहा। हालांकि, पूर्वी भारत में अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट का पूर्वानुमान है।

Shri Mi

पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
Back to top button
cgwall