भाई की दुकान से 35 लाख के जेवर चुराने वाला सेल्समैन भाई और उसका फुफेरा भाई गिरफ्तार

दुर्ग। सुपेला (चौकी स्मृति नगर) पुलिस ने एक चौंकाने वाले मामले का खुलासा करते हुए अपने ही सगे भाई की ज्वेलरी दुकान से लाखों रुपये के जेवर चुराने वाले राजकुमार सोनी और उसके फुफेरे भाई सुरेंद्र सोनी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने इनके कब्जे से 29 सोने के मंगलसूत्र, 2 सोने के बिस्किट (मंगलसूत्र गलाकर बनाए गए) और 2,00,000 रुपये नकद सहित कुल 35 लाख रुपये के जेवर और नकदी बरामद की है। इस गिरफ्तारी में पुलिस के त्रिनयन ऐप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रवि सोनी (50), निवासी कोहका चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला ने 14 अक्टूबर को पुलिस में एक रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस के अनुसार, रवि सोनी का बड़ा भाई राजकुमार सोनी, जो करीब 9 महीने से उनके कांति ज्वेलर्स, कोहका में सेल्समैन का काम करता था, 13 अक्टूबर की शाम को दुकान में भीड़भाड़ का फायदा उठाकर दुकान के लॉकर में रखे 40 विभिन्न प्रकार के सोने के मंगलसूत्र, जिनकी कीमत लगभग 35,00,000 रुपये थी, चोरी करके फरार हो गया था। इस मामले में धारा 316(4) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।

आरोपियों की तलाश में पुलिस ने आधुनिक तकनीक का सहारा लिया। त्रिनयन ऐप की मदद से राजकुमार सोनी के विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज प्राप्त किए गए, जिससे उसके रायपुर आने की तस्वीरें मिलीं।

इन फुटेज और सूचनाओं के आधार पर राजकुमार सोनी को उसके बुआ के लड़के सुरेंद्र सोनी के साथ देखे जाने की जानकारी मिली। यह भी पता चला कि सुरेंद्र सोनी रायपुर में ज्वेलरी गलाने का काम करता है।

इस सूचना पर पुलिस ने तत्काल राजकुमार सोनी के दुर्ग स्थित ब्राह्मणपारा के किराये के मकान में दबिश दी। वहां से राजकुमार सोनी और उसके फुफेरे भाई सुरेंद्र सोनी को धर दबोचा गया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के 29 नग सोने के मंगलसूत्र और 11 मंगलसूत्रों को गलाकर बनाए गए 2 सोने के बिस्किट तथा चोरी के जेवरात की बिक्री से प्राप्त एडवांस रकम 2 लाख रुपये जब्त की।

गिरफ्तार आरोपी राजकुमार सोनी, पिता जवाहर सोनी, उम्र 50 साल, निवासी ब्राह्मणपारा दुर्ग, और सुरेंद्र सोनी, उम्र 42 साल, निवासी चांदनी चौक पण्डरिया थाना गण्डई, जिला केसीजी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। 

Shri Mi

पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर

Related Articles